![]()
बूंदी के लाखेरी में गुरुवार को अंबेडकर भवन में हुई पालिका बोर्ड की बैठक में कई मामलों पर सहमति बनी।
बूंदी के लाखेरी में गुरुवार को अंबेडकर भवन में पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। चेयरमैन आशा शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दो साल बाद बायपास निर्माण के लिए भूमि अवाप्ति पर सहमति बनी।
कस्बे से गुजरने वाले भारी वाहनों को डायवर्ट करने के लिए यह बायपास बनाया जाना है। भूमि संबंधी विवाद के चलते यह निर्माण कार्य अब तक अटका हुआ था। बैठक में न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
इस दौरान विपक्षी पार्षदों ने निर्माण कार्यों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरा। प्रतिपक्ष के नेता भाजपा पार्षद रवि कहार ने पांच साल में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा सदन में रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि पालिका ने विकास के नाम पर इतना रुपया खर्च कर दिया कि पालिका आर्थिक तंगी में आ गई है।
पार्षद महावीर गोचर ने निरस्त हुए निर्माण कार्यों में से कुछ कार्यों को गुप-चुप तरीके से करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने ऐसे निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग की। पार्षद ने सवाल उठाया कि जब सभी वार्ड के निर्माण कार्य निरस्त कर दिए गए तो वार्ड 17 में ही निर्माण कार्य क्यों करवाए जा रहे हैं। इस पर ईओ नरेश राठौर ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में पार्षद निशा वर्मा ने बारिश से जर्जर हुई सड़कों और वार्डों के आम रास्तों की मरम्मत की मांग उठाई। हालांकि, नव निर्मित धर्मशाला के संचालन का मामला अटक गया। इसका संचालन किसके द्वारा करवाया जाए, इस पर सहमति नहीं बन पाई।
कंटेंट ओमपाल सिंह
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments