भाजपा नेता गजेंद्र सिंह अडूदा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुधवार को अजीत के घर जाकर परिवार का हौसला बढ़ाया।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में 5 अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा में लापता हुए सेना के जवान अजीत सिंह राजपूत का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अजीत सिंह राजस्थान के करौली जिले के बुद्धपुरा गांव के रहने वाले हैं।
भाजपा नेता गजेंद्र सिंह अडूदा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुधवार को अजीत के घर जाकर परिवार का हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड प्रशासन राहत और खोज अभियान में लगातार जुटा हुआ है। भाजपा की ओर से भी प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी गई है।
20 वर्षीय अजीत सिंह ने 20 जून को उत्तराखंड स्थित 14 राजपूताना राइफल्स के हर्षिल बेस कैंप में ड्यूटी ज्वाइन की थी। 5 अगस्त को धराली क्षेत्र में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ में हर्षिल स्थित आर्मी कैंप भी चपेट में आ गया। इस घटना के बाद से अजीत का कोई पता नहीं चल पाया है।

उत्तरकाशी में 5 अगस्त को आई आपदा में लापता हुए जवान अजीत सिंह।
परिजनों को न तो अजीत से फोन पर संपर्क हो पा रहा है और न ही सेना के अधिकारियों से कोई स्पष्ट जानकारी मिल रही है। कर्नल हर्षवर्धन राठौड़ और जेसीओ वीरसिंह केवल तलाशी जारी होने का आश्वासन दे रहे हैं।
जवान के परिवार ने क्षेत्रीय विधायक हंसराज बालौती से मुलाकात की। विधायक ने करौली कलेक्टर नीलाभ सक्सेना, उत्तरकाशी कलेक्टर प्रशांत कुमार आर्य और हर्षिल आर्मी कैंप के कैप्टन हर्षवर्धन से बात की है।
गौरतलब है कि अजीत सिंह ने आर्मी प्रशिक्षण के बाद मात्र एक माह की सेवा दी थी। कुछ दिन पहले ही उसने वीडियो कॉल के माध्यम से गंगोत्री मार्ग में अपनी स्थिति की जानकारी परिजनों को दी थी। इधर माता-पिता, दो भाई और दो बहन उसकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द उसे तलाशने की मांग कर रहे हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments