![]()
किशनगढ़बास थाना पुलिस ने वांछित आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। डकैती के मामले में करीब 19 महीने से फरार चल रहे 5-5 हजार रुपए के इनामी दो अपराधियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक का अपहरण कर लूट की थी
किशनगढ़बास थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- फरवरी 2024 में दर्ज प्रकरण के अनुसार पाटा निवासी सोहिल खान बाइक से एक लाख रुपए लेकर लौट रहा था। कुलताजपुर के पास 12 लोगों ने उसे घेर लिया, उसके साथ मारपीट की और अपहरण कर नूरनगर स्थित सरसों के खेत में ले गए।
वहां उसे लाठी-डंडों और पिस्तौल का बट मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। आरोपियों ने जबरन उसके मोबाइल से अपने बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर करवाए, एक लाख रुपए और मोबाइल लूट लिया और धमकी भरा वीडियो बनाकर उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
मुख्य आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
मामले में पहले ही 2 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 2 बाल अपचारी निरुद्ध किए गए थे। मुख्य आरोपी साजिद पुत्र हारून निवासी कालाघाटा को भी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी फरार अपराधियों में प्रमोद उर्फ पम्मी पुत्र संतराम निवासी तरवाला और वीर सिंह उर्फ वीरू पुत्र रामचन्द्र निवासी तरवाला को पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा के आदेशानुसार गठित टीम ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम का नेतृत्व थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह ने किया। टीम में कॉन्स्टेबल रघुवर सिंह, संदीप कुमार, जोगेन्द्र और जितेन्द्र शामिल रहे। गिरफ्तारी में विशेष भूमिका कांस्टेबल रघुवर सिंह की रही।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments