![]()
प्रतापगढ़ में पुलिस ने अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़े अभियान में एक ही दिन में 157 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान के दौरान हत्या, लूट, डकैती, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, छेड़छाड़ और मारपीट सहित विभिन्न मामलों में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा गया। इस व्यापक धरपकड़ अभियान के तहत जिले के सभी थानों में एक साथ कार्रवाई की गई।
प्रत्येक थाने और वृत स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। अभियान में कुल 57 पुलिस टीमें बनाई गईं। इनमें 307 अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। इन टीमों द्वारा जिलेभर में कुल 242 स्थानों पर दबिश देकर वांछित अपराधियों को पकड़ा गया।
अभियान के तहत आबकारी अधिनियम में 7 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 47.64 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट में 4 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स एक्ट में 2 प्रकरण दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 2 छुरे जब्त किए गए।
स्थाई वारंटियों में 25 अभियुक्त और गिरफ्तारी वारंटियों में 27 अभियुक्त पकड़े गए। अन्य सामान्य प्रकरणों में 79 आरोपी बीएनएसएस की धाराओं 126 से 170 के तहत गिरफ्तार किए गए।
वृत स्तर के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल बाबूलाल निवासी पंडावा थाना सुहागपुरा को छेड़छाड़ और मारपीट के प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त अभियुक्तों से कुल 19 वाहन भी जब्त किए गए। इनमें 12 मोटरसाइकिल, 6 कारें और 1 पिकअप वाहन शामिल हैं।
प्रतापगढ़ पुलिस का यह अभियान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से चलाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments