![]()
फलोदी जिले की बाप पुलिस ने जेवर और नकदी चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किया गया 21 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई थानाधिकारी रमेश कुमार ढाका के नेतृत्व में की गई।
घटना 23-24 अगस्त 2025 की मध्यरात्रि को हुई थी। प्रार्थी जयपालसिंह निवासी उदयसिंह की ढाणी, आजाद नगर खिदरत ने 25 अगस्त 2025 को बाप थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर दो बक्सों के ताले तोड़े। चोरों ने एक बक्से से 6-6 तोले की तीन सोने की आड़ (कुल 18 तोले) और पचास हजार रुपए नकद चुरा लिए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने पुराने संदिग्धों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी मनोहरराम को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी मनोहरराम निवासी गौरेरा गांव ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी आभूषण और नकदी बरामद कर ली गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 21 लाख रुपए है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन में घरों की रेकी करता था और फिर रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। घरों को सूना न छोड़ें और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments