![]()
बगड़ थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने विभिन्न साइबर अपराध संबंधी शिकायतों में संलिप्त दो संदिग्ध खाताधारकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार द्वारा संचालित साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायतों के आधार पर झुंझुनूं जिले की अलग-अलग बैंक शाखाओं द्वारा जारी संदिग्ध खातों की सूची प्राप्त हुई थी। इन खातों को म्यूल अकाउंट (Mule Account) की श्रेणी में रखा गया है, जिनका इस्तेमाल ठगों द्वारा साइबर अपराध से प्राप्त धन को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान इन खातों का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने बैंकों से खाताधारकों की विस्तृत जानकारी जुटाई और उसके आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई।
बगड़ थाना अधिकारी उप निरीक्षक सुभाषचंद्र सामोता के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के बाद दोनों खाताधारकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय कुमार सैनी (27) पुत्र स्वर्गीय पुरुषोत्तम लाल सैनी और विक्रम सैनी (24) पुत्र हरीश कुमार, दोनों निवासी धीरावाली ढाणी, थाना बगड़, जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों ने अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को किराये पर दिए थे। अब इस पहलू पर भी पूछताछ की जा रही है और यदि आरोप पुख्ता पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ अलग से विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments