![]()
धौलपुर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने स्वाधीनता दिवस की वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान के आयोजन की दी जानकारी।
धौलपुर में कला साहित्य संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा स्वाधीनता दिवस की वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में संपन्न होगा।
पहला चरण शुरू हो चुका है जो 8 अगस्त तक चलेगा। दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक और तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत कई कार्यक्रम होंगे। इनमें स्कूलों की दीवारों पर तिरंगे की चित्रकारी शामिल है। तिरंगा रंगोली, तिरंगा राखी वर्कशॉप और तिरंगा मेला भी आयोजित किए जाएंगे।
सभी कार्यक्रम जिले के जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, संगठनों और आम जनता के सहयोग से होंगे। अभियान के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी और नगर परिषद आयुक्त को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पुलिसकर्मियों के लिए तिरंगा राखी
प्रथम चरण में 5 अगस्त को प्रदर्शनी होगी। 6 अगस्त को स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 7 अगस्त को सैनिकों और पुलिसकर्मियों के लिए तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएं होंगी। 8 अगस्त को तिरंगा बुनाई गतिविधियां होंगी।
तिरंगा बाइक और साइकिल रैली
द्वितीय चरण में 9 अगस्त को तिरंगा मेला आयोजित किया जाएगा। 11 अगस्त को शाम 4 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम से तिरंगा बाइक और साइकिल रैली निकलेगी। यह रैली लाल बाजार, पैलेस रोड और गुलाब बाग होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक जाएगी। 12 अगस्त को सुबह 8 बजे गांधी पार्क से जिला कलेक्ट्रेट तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण
तृतीय चरण में 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण समारोह होंगे। शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, बांधों और पुलों पर भी ध्वजारोहण और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इस यात्रा में आम नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट और गाइड के कैडेट्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य लोग भी इसमें शामिल होंगे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments