श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ के छात्र ने तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, सेंदड़ा रोड में बुधवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आधुनिक रावण का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर समाज को बुराइयों के अंत का संदेश दिया गया।

रावण दहन से पहले राम, लक्ष्मण और हनुमान बने बच्चों की आरती की गई।
स्कूल प्रबंधन ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नशाखोरी, बेरोजगारी, सांप्रदायिकता, महंगाई, महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा, पर्यावरण विनाश और अशिक्षा जैसी वर्तमान समाज की बुराइयों को ‘आधुनिक रावण’ के रूप में दर्शाया। इसका दहन धर्म की अधर्म पर विजय और इन बुराइयों के उन्मूलन का प्रतीक था।
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान और रावण के चरित्रों का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध का दृश्य मुख्य आकर्षण रहा, जिसने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख और प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने दशहरे के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमें अपने भीतर की बुराइयों को रावण की भाँति नष्ट करना चाहिए। डॉ. पारख ने बच्चों को समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और व्यक्तिगत विकारों को त्यागने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम संयोजक की भूमिका आईटी मैनेजर एवं कार्यालय अधीक्षक अजय चौधरी ने निभाई। इस अवसर पर समिति के सह मंत्री सुनील कुमार ओस्तवाल, प्रबंधकारिणी सदस्य प्रकाश चंद गदिया, दीपचंद कोठारी, उत्तम चंद देरासरिया, प्रिंस ओस्तवाल, राजेश झवर, राजेंद्र गर्ग, भंवरलाल गोठी और स्कूल के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments