विदेशी सामान पर पाबंदी लगाने पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर गोविंद सिंह डोटासरा ने निशाना साधा। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर शिक्षा मंत्री को बौद्धिक रूप से बीमार बता दिया।
डोटासरा ने पोस्ट में लिखा- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बौद्धिक रूप से बीमार, बेहद बीमार चल रहे हैं। उन्हें किसी अच्छे अस्पताल में इलाज और आराम की सख्त आवश्यकता है। हर दिन बेतुके बयान और निर्णयों से शिक्षा व्यवस्था का बेड़ागर्क करने में लगे मंत्री का अब शिक्षा, पंचायतीराज और संस्कृत विभागों में विदेशी वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाना अनुपयुक्त और विवेकहीन फ़ैसला है।

डोटासरा ने शिक्षा मंत्री से पूछे सवाल
- डोटासरा ने मदन दिलावर से छह सवाल पूछे हैं। डोटासरा ने पूछा- क्या मंत्री जी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट में जिसमें उनका ईमेल लिखा है। उसका इस्तेमाल अब बंद कर देंगे? क्योंकि वो विदेशी कंपनी का बनाया हुआ है? क्या मंत्री जी, जिस विदेशी कंपनी का मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हैं, उसे फेंक देंगे?
- क्या स्कूलों में बच्चों की कंप्यूटर शिक्षा बंद कर दी जाएगी? क्योंकि कंप्यूटर और लैपटॉप भी विदेशी कंपनियों के हैं। क्या कक्षाओं में स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड का उपयोग बंद कर देंगे? क्या विभागीय ई-मेल और कंप्यूटर पर होने वाला सारा काम रोककर ठप कर दिया जाएगा? क्योंकि ये भी विदेशी कंपनियों के हैं। क्या प्रोजेक्टर, प्रिंटर और स्कैनर का इस्तेमाल अब बंद हो जाएगा? क्योंकि ये भी तो विदेशी कंपनियों के हैं।
- डोटासरा ने लिखा- इस युग में बच्चों की शिक्षा को आधुनिक शिक्षण पद्धतियां, तकनीक और उपकरणों की आवश्यकता है, लेकिन भाजपा सरकार में RSS के एजेंडे लागू करने वाले शिक्षा मंत्री तुगलकी फरमान थोपकर बच्चों का भविष्य बर्बाद करना चाहते हैं।
- तकनीकी उपकरणों, नेटवर्किंग, संसाधन, डिजाइन और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी उन्नति और विभागीय कार्यों में सक्रियता, तीव्रता और पारदर्शिता के लिए किया जाता है।
अविचारी मंत्री का मार्गदर्शन करें डोटासरा ने सीएम से पूरे मामले में दखल देने की मांग करते हुए लिखा- शिक्षा मंत्री, प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को खोखले राष्ट्रवाद की आड़ में रसातल में ले जाने का काम कर रहे हैं। मेरा मुख्यमंत्री से आग्रह हैं कि प्रदेश के लाखों बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसका संज्ञान लें और अविचारी मंत्री का मार्गदर्शन करें।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments