जयपुर सिटी पैलेस में शुक्रवार को राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RTDM) 2025 का पांचवां संस्करण शुरू हुआ। पर्यटन विभाग और एफएचटीआर की साझेदारी में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि रहीं।
राज्य के पर्यटन क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां सामने आईं। वर्ष 2023 में प्रदेश में 18 करोड़ घरेलू और 18 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे। 2024 में विदेशी पर्यटकों की संख्या में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पर्यटन क्षेत्र राज्य की जीडीपी में 12 प्रतिशत का योगदान दे रहा है।

दीया कुमारी बोलीं- हस्तशिल्प और होम स्टे में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया- राज्य सरकार नई पर्यटन सर्किट विकसित कर रही है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर में जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जैसलमेर के तनोट और बीकानेर के सांचू में सीमा और रेगिस्तान पर्यटन पर फोकस है।
कॉन्सर्ट टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और MICE को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष नीतियां बनाई जा रही हैं। हवाई अड्डों, सड़कों और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
सरकार ने पहली बार ग्रीन बजट पेश किया है। इससे विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिलेगी। पर्यटन क्षेत्र में महिला उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। हस्तशिल्प और होम स्टे में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कॉन्सर्ट टूरिज्म का पोस्टर लॉन्च किया।
दीया कुमारी बोलीं- राजस्थान की संस्कृति, उत्सवों व छुपे खजानों को दुनिया के सामने लाएं
उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे केवल व्यवसायिक लेन-देन से आगे बढ़कर नई यात्राएं और अनुभव डिज़ाइन करें, साझेदारियां बनाएं और राजस्थान की संस्कृति, उत्सवों व छुपे खजानों को दुनिया के सामने लाएं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार (IAS), कुलदीप सिंह (अध्यक्ष, FHTR), सुरेंद्र शाहपुरा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), खालिद खान (उपाध्यक्ष), राजेंद्र सिंह पंवार (उपाध्यक्ष), वीरेंद्र शेखावत (महासचिव) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, टूर ऑपरेटर और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments