अलवर के कठूमर थाना क्षेत्र में बसेट पेट्रोल पंप के पास 20 सितंबर की रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मंगलवार रात जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने डॉक्टर व स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए।
मृतक किशन (37) पुत्र बन्नू निवासी बल्लूपुर का रहने वाला था। वह जयपुर में मजदूरी करता था और 20 सितंबर की रात बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब 8 बजे बसेट पेट्रोल पंप के पास एक मारुति कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे कठूमर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के चाचा लखन का आरोप है कि मंगलवार को किशन की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। ट्रॉमा सेंटर में मौजूद स्टाफ और डॉक्टर को बार-बार बुलाने के बावजूद दो घंटे तक कोई नहीं आया। जब तक डॉक्टर पहुंचे, तब तक स्थिति नाज़ुक हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे प्रोसीजर रूम ले जाकर कुछ जांचें की गईं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल में मृतक के परिजन।
फिलहाल कठूमर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग पिता हैं। परिजनों का कहना है कि अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments