![]()
कृष्ण-बलराम गो-आराधन महोत्सव के समापन सत्र में बटुक ब्रह्मचारियों ने वैदिक मंत्रों की सुंदर प्रस्तुति दी।
डीग के जड़खोर गोधाम में कृष्ण-बलराम गो-आराधन महोत्सव बुधवार को संपन्न हो गया। यह महोत्सव 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चला, जिसमें स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज की संगीतमय भजन प्रस्तुतियों के साथ कथा भी पूरी हुई।
समापन सत्र में बटुक ब्रह्मचारियों ने वैदिक मंत्रों की सुंदर प्रस्तुति देकर सभी को अभिभूत किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम सांडिल की गरिमामय मौजूदगी रही।
रैवासा धाम के अग्रपीठाधीश्वर एवं वृंदावन के मूलक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज की प्रेरणा से शारदीय नवरात्र में यह महोत्सव आयोजित किया गया था। इस दौरान जड़खोर गोधाम गो सेवा और सनातन मूल्यों के संरक्षण हेतु राष्ट्रीय चिंतन, मनन और संतों के आगमन का केंद्र बना रहा।
यहां अनेक संत-महात्माओं, विद्वानजनों और नीति निर्धारकों ने गो कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श और मंथन कर समाज कल्याण का संदेश दिया। श्रद्धालुओं और महात्माओं के उत्साह से प्रेरित होकर स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज ने इस महोत्सव को हर वर्ष मनाने की घोषणा की। उन्होंने अगले साल के उत्सव की तारीखों की जानकारी भी दी।
महोत्सव के क्रम में जड़खोर गोधाम में प्रतिदिन स्वामी श्री राजेंद्र दास जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत पाठ सुनाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने यहां गो सेवा और श्रीमद्भागवत के वाचन के साथ संत महात्माओं के समागम का दुर्लभ आनंद प्राप्त किया।
इस दौरान प्रतिदिन सहस्त्र चंडी यज्ञ और सप्तशती पाठ का श्रवण हुआ। श्रद्धालु संगीतमय भजन संध्या में भक्ति रस से अभिभूत हुए। जड़खोर गोधाम में आए श्रद्धालुओं ने गो संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे अनुपम प्रयासों को भी जाना और सराहा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments