![]()
ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ ठगी करने के आरोपी को चेन्नई स्टेट साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम ने झालावाड़ पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया।
चेन्नई के स्टेट साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन सेंटर ने झालावाड़ पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर 1 करोड़ 82 लाख 97 हजार 543 रुपए की ठगी करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जांच के दौरान झालावाड़ निवासी मोहित गोचर के आईसीआईसीआई बैंक खाते में ठगी की बड़ी रकम जमा होने का पता चला। इसके बाद चेन्नई से डीएसपी आर. प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में साइबर क्राइम विंग की टीम झालावाड़ पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया।
साइबर डिप्टी मनोज सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी मोहित गोचर (33), पुत्र मांगी लाल गोचर, निवासी भोई मोहल्ला, वार्ड संख्या 1, झालावाड़ के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 7 चेक बुक, 4 चेक, 2 बैंक पास बुक, 8 डेबिट कार्ड, 136 सिम कार्ड, 300 पेज के रिज्यूम डिटेल्स, एक कंपनी की सील, क्यूआर कोड और शॉपिंग विद ड्रीम होम की स्लिप डायरी बरामद की।
पूछताछ और अनुसंधान से पता चला कि आरोपी भारत भर में सक्रिय एक संगठित साइबर अपराध नेटवर्क के एजेंट के रूप में काम कर रहा था। वह साइबर अपराधियों को मोबाइल सिम कार्ड, बैंक खाते और जाली पहचान दस्तावेज खरीदकर उपलब्ध कराता था, जिससे बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी की जा रही थी।
आरोपी ने व्यवस्थित रूप से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य पहचान पत्र एकत्र किए थे। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चेन्नई की टीम आगे की जांच के लिए रवाना हो गई है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments