![]()
जिले में फसलों में खराबा और जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी शुक्रवार को फसल मुआवजा जन अधिकार आंदोलन शुरू करेगी। आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर करेंगे। आंदोलन की शुरुआत सुबह 10 बजे अहिंसा सर्किल स्थित खटीक छात्रावास से होगी। जनसभा के बाद रैली विभिन्न मार्गों से होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। किसानों की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया जाएगा।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान पांच सूत्रीय मांगें रखेंगे। इनमें अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों का किसानों को मुआवजा दिलाने, सरपंचों को मिले न्यायालय आदेशों की पालना कराने, पंचायत परिसीमन में जनता की भावनाओं का ध्यान रखने, जर्जर स्कूल भवन व शौचालयों की मरम्मत कराने, बच्चों की सुरक्षा करना तथा भीलवाड़ा शहर में सीवरेज और सड़क निर्माण कार्यों से उत्पन्न अव्यवस्था को दूर करने की मांगें शामिल हैं। इधर, आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। शहर के मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
आंदोलन किसानों के हक और जनता के अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई: धीरज धीरज गुर्जर ने कहा कि आज किसान सबसे बड़ी परेशानी में है। अतिवृष्टि से फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन सरकार मुआवजे की घोषणा करने में लगातार टालमटोल कर रही है। यह आंदोलन किसानों के हक और जनता के अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई है। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलेगा, कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर संघर्ष जारी रखेंगे। गुर्जर ने कहा कि पंचायत परिसीमन का फैसला जनता की भावनाओं को ताक पर रखकर सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments