भीलवाड़ा में मंदिर में नाम पट्टिका लगाने को लेकर विवाद हो गया। दो पक्ष आपस में भिड़ गए। गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी, बाल्टी और झाड़ू से हमला किया।
पत्थर फेंक कर मारे। इस दौरान महिलाएं भी एक-दूसरे से उलझ गईं। यहां तक कि एक युवक ने महिला को थप्पड़ भी मार दिया।
मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सांगानेर कस्बे के रामदेव मंदिर का दोपहर करीब 2 बजे का है। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है।
थाना प्रभारी शिवराज ने बताया- सांगानेर कस्बे में रैगर समाज का रामदेव मंदिर है। दोपहर में रैगर समाज ने वहां नाम पट्टी लगाने की कोशिश की। वहां सर्व समाज के लोगों ने ऑब्जेक्शन किया था।
इस बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई थी, जो मारपीट में बदल गई। सूचना पर वहां पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाया। फिलहाल मौके पर शांति है।
पहले देखिए मारपीट की PHOTOS…

मंदिर पर नाम पट्टिका लगाने की बात पर दो पक्ष भिड़ गए। बाल्टी, झाड़ू जो भी हाथ लगा, वे एक-दूसरे पर फेंकते रहे।

मारपीट में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने भी झाड़ू से हमला किया।

एक युवक ने महिला पर ही हाथ उठा दिया। ऐसे में माहौल और गरमा गया। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
रैगर समाज ने करवाया था मंदिर का रिनोवेशन अखिल भारतीय रैगर महासभा भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष कैलाश सेवटवाल ने बताया- सांगानेर गांव में हमारे रैगर समाज का आस्था का केंद्र बाबा रामदेव की देवरी है। जो हमारे पूर्वजों ने 200-250 साल पहले स्थापित की थी।
13 साल पहले विशेषकर सांगानेर के रैगर समाज ने 2-3 लाख रुपए खर्च कर रिनोवेशन करवाया था। मंदिर को सुंदर बनाने पर काम किया था। वहां सेवा पूजा होती है।
आज भी हमारे लोग वहां इकट्ठा थे। बीज (दूज) और भादवा की बीज पर वहां से विशेष तौर से जुलूस निकाला जाता है। आज जुलूस के दौरान सांगानेर के जाट, कीर और तेली समाज के कुछ लोगों ने मिलकर हमारे लोगों पर अचानक से हमला कर दिया।
आरोप- सिर फोड़ा, तलवारों से हमला कैलाश सेवटवाल ने बताया- गंभीर मारपीट से हमारी महिलाओं के चोट आई हैं। एक का सिर फोड़ दिया, एक का हाथ तोड़ दिया। तलवारों से लड़कियों पर हमला किया गया। हमारे लोगों को जाति सूचक शब्द बोलकर अपमानित किया गया।
पुलिस से शिकायत करने पर हमें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके विरोध में पूरे सांगानेर और आसपास के रैगर समाज के लोग एसपी-कलेक्टर से मिलकर ज्ञापन देंगे। हमारी मांग है कि उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments