![]()
रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने अवैध शराब से भरे एक कंटेनर को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
डूंगरपुर जिले के रतनपुर बॉर्डर पर पुलिस ने अवैध शराब से भरा एक कंटेनर जब्त किया है। इस कंटेनर से करीब 20 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब की तस्करी कूलर की बॉडी की आड़ में की जा रही थी।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस को मुखबिर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बंद बॉडी कंटेनर को रुकवाया।
पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम राजसमंद निवासी कालूसिंह राठौड़ बताया और कंटेनर में कूलर की बॉडी होने का दावा किया। हालांकि, मुखबिर की सूचना पुख्ता होने पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कूलर की बॉडी की आड़ में शराब के कार्टन भरे हुए पाए गए।
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कंटेनर को जब्त कर चालक कालू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कंटेनर से अवैध शराब के कुल 352 कार्टन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments