आहोर थाना क्षेत्र के गुड़ा बालोतान के पास नेशनल हाईवे 325 पर गुरुवार की रात टेम्पो और बोलेरो गाड़ी में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में टेम्पो ड्राइवर गंभीर घायल होने से उसे सुमेरपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि रसियावास कला गांव निवासी शेषमल(50)पुत्र जोधाराम प्रजापत गुरुवार देर शाम को आहोर से टेम्पो में सवार होकर तखतगढ़ की तरफ जा रहा था। अचानक हाईवे पर स्थित दयालपुरा आईटीआई कॉलेज के बाहर तखतगढ़ से आहोर की तरफ लापरवाही से आ रही बोलेरो ने उसे सामने से टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो ड्राइवर गंभीर घायल हो गया, वहीं उसमें सवार दो महिला व दो पुरुषों को भी मामूली चोटें आई।

घटना के बाद क्षतिग्रस्त टेम्पो।
जबकि टेम्पो में सवार एक बच्चा बाल- बाल बच गया। घायलों को आहोर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए टेम्पो ड्राइवर को सुमेरपुर के लिए रेफर किया गया, लेकिन बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई।
चार घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। शुक्रवार को मृतक के बेटे प्रवीण कुमार पुत्र शेषमल ने आहोर पुलिस थाने में दुर्घटना के मामले की रिपोर्ट दी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बोलेरो ड्राइवर की तलाश शुरू की।
हालांकि बोलेरो ड्राइवर गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस जब्त कर आहोर थाने में ले आई।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments