राजस्थान यूनिवर्सिटी के कुलगुरु आवास पर धरने पर बैठे छात्र।
राजस्थान यूनिवर्सिटी में बदहाल सफाई व्यवस्था से नाराज होकर सोमवार देर रात यूनिवर्सिटी के अलग-अलग हॉस्टल के 200 से ज्यादा छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में रैली निकालकर कुलगुरु आवास पर धरने पर बैठ गए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल की अव्यवस्थाओं पर यूनिवर्सिटी प्रशासन मूकदर्शक बन चुका है। इस वजह से छात्रों को नर्क जैसे हालात में रहना पड़ रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।
धरने पर राजस्थान यूनिवर्सिटी के अंबेडकर हॉस्टल, अरावली हॉस्टल, डीबीएन हॉस्टल, एच जे भाभा हॉस्टल, जे सी बॉस हॉस्टल और सी वी रमन हॉस्टल में रहे वाले छात्र शामिल हुए थे।

200 से ज्यादा छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में देर रात किया प्रदर्शन।
छात्र बोले- गंदगी से बीमार पड़ रहे
राजस्थान यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहने वाले छात्र अंकित ने बताया- यूनिवर्सिटी के सभी हॉस्टलों में पिछले कई दिनों से सफाई नहीं हो रही है। जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है। शौचालयों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जानवरों के रहने योग्य माहौल भी नहीं बचा है। मामले को लेकर हम कई बार यूनिवर्सिटी प्रशासन को शिकायत दर्ज करा चुके है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस कारण सभी ने मिलकर कुलगुरु आवास घेराव का फैसला किया है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा- केवल आश्वासन से बात नहीं बनेगी। चेतावनी दी कि अगर हॉस्टलों में सफाई व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो यूनिवर्सिटी कैंपस में आंदोलन तेज किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में रह रहे हजारों छात्रों के स्वास्थ्य पर गंदगी का सीधा असर पड़ रहा है। लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साधी चुप्पी
वहीं रात 12 बजे बाद अचानक सैकड़ों की संख्या में छात्रों रैली देखकर यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुलगुरु आवास के बाहर जाब्ता तैनात किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर माहौल को शांत करने की कोशिश की। इसके बाद लगभग 2 घंटे बाद 24 घंटे में समाधान की मांग पर छात्रों ने धरना समाप्त किया।
इस पूरे मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुप्पी साध ली है। कुलपति अल्पना कटेजा से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और मामले पर चुप्पी साधे रखी। फिलहाल कुलपति आवास के बाहर पुलिस बल तैनात है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से यूनिवर्सिटी के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे है। जिसकी वजह से अब यूनिवर्सिटी की सफाई व्यवस्था दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments