![]()
श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष राज्यमंत्री प्रहलाद राय टांक ने घोषणा की है कि भजनलाल सरकार प्रदेश के माटी कला से जुड़े कामगारों को निःशुल्क बिजली चालित चाक और पगमिल मशीन उपलब्ध कराएगी। यह वितरण 10 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद किया जाएगा।
टांक ने बताया कि राज्य सरकार सभी के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार एक समावेशी और संवेदनशील सरकार के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य है कि पारंपरिक कला और शिल्प को प्रोत्साहन मिले तथा प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि माटी कला बोर्ड के हितों को बजट में विशेष महत्व दिया गया है। निःशुल्क मशीन वितरण की घोषणा के तहत लाभार्थियों की संख्या पहले 1 हजार थी, जिसे अब बढ़ाकर 2 हजार कर दिया गया है। इन मशीनों का वितरण शत-प्रतिशत सब्सिडी पर किया जा रहा है, जिससे दस्तकारों के कार्य में गति आएगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
राज्यमंत्री ने जोर दिया कि माटी कला केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान भी है। बता दे पिछले दिनों श्रीयादे माटी कला बोर्ड द्वारा राजमार्ग स्थित मोरीजावाला धर्मशाला में माटी कला कौशल विकास एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया था।
इस शिविर में कोटपूतली, बहरोड़, बानसूर और विराटनगर सहित जिले की चारों विधानसभाओं के माटी कला से जुड़े चयनित कामगारों के लिए लॉटरी निकाली गई थी। श्रीयादे माटी कला बोर्ड द्वारा वर्ष 2025-26 में इन चयनित लाभार्थियों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद इलेक्ट्रिक चाक और मिट्टी गूंथने की (पगमिल) मशीन का वितरण किया जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments