![]()
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा चतुर्थ श्रेणी सीधी भर्ती परीक्षा-2024 जयपुर जिले में 19 सितंबर, 2025 से 21 सितंबर, 2025 तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में लगभग 4.5 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए कुल 204 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में होगी। प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। कुल छह पारियों में यह परीक्षा संपन्न होगी, जिसमें प्रत्येक पारी में लगभग 75,000 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 116 में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित
परीक्षा के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 116 में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 21 सितंबर, 2025 तक सुबह 7:30 बजे से परीक्षा संबंधी सभी कार्य पूरे होने तक संचालित रहेगा।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0141-2206699
जयपुर स्थित परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारी और शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0141-2206699 रहेगा। यह कक्ष जयपुर में स्थापित परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान करेगा और शिकायतों का निस्तारण करेगा।
जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम, यातायात पुलिस, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग, रोडवेज और जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
केंद्रों पर निरीक्षण एवं जांच हेतु 39 उड़नदस्ता दलों का गठन
परीक्षा दिवस पर केंद्रों पर निरीक्षण एवं जांच हेतु 39 उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक पारी के लिए 103 उप-समन्वयक भी नियुक्त किए गए हैं। डमी उम्मीदवारों के शामिल होने या नकल संबंधी कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी
राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती के अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2022 एवं संशोधन अधिनियम, 2023 के अंतर्गत 10 लाख से 10 करोड़ तक जुर्माना एवं 10 वर्ष से आजीवन कारावास की सजा के प्रावधान हैं। ये प्रावधान न केवल अभ्यर्थियों पर, बल्कि परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी स्टाफ एवं कर्मचारियों पर भी लागू होते हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 02-02 वीडियोग्राफर नियुक्त होंगे और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी (प्रत्येक परीक्षा कक्ष, केंद्राधीक्षक के कक्ष में एवं मुख्य द्वार पर) कैमरे भी लगाए जाएंगे।
प्रवेश प्रत्येक पारी की परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 01 घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा
परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रत्येक पारी की परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 01 घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा। बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं प्रवेश पत्र लेकर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। परीक्षार्थियों को आवंटित परीक्षा केंद्र पर प्रथम पारी के लिए सुबह 8 बजे से पहले एवं द्वितीय पारी के लिए दोपहर 1 बजे से पहले पहुंच जाएं। सुबह 9 बजे और द्वितीय पारी के लिए दोपहर 2 बजे के पश्चात किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments