![]()
चित्तौड़गढ़ शहर में अपराधियों के हौंसले बढ़ते जा रहे है। गोल प्याऊ चौराहे पर एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटकर दो बदमाश बाइक पर फरार हो गए। घटना से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई
जानकारी के अनुसार, खटीक मोहल्ला निवासी संपत बाई जटिया (68) अपनी बेटी माही जटिया के साथ घर लौट रही थीं। दोनों कुछ देर के लिए गोल प्याऊ चौराहे पर रुककर आपस में बातचीत कर रही थीं। तभी अचानक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। देखते ही देखते उन्होंने महिला के गले से करीब दो तोला सोने की चेन झपट ली। तेज झटके के कारण महिला जमीन पर गिर पड़ी और उसके हाथ-पांव में मामूली चोटें आ गईं।
जिला हॉस्पिटल में किया इलाज, पुलिस ने की नाकाबंदी
घटना के बाद बदमाश बाइक दौड़ाते हुए मौके से भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में शहर के विभिन्न हिस्सों में नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोल प्याऊ चौराहा हमेशा भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। इस तरह की वारदात होना चौंकाने वाला है। लोगों का कहना है कि बाजार और मुख्य चौराहों पर पुलिस गश्त के दावे किए जाते हैं, लेकिन घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जबकि गोल प्याऊ चौराहे पर ही पुलिस कंट्रोल रूम भी है।
एक महीने में शहर क्षेत्र में हुई दो बार वारदात
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही कुमावतों का नोहरा क्षेत्र में भी एक महिला की सोने की चेन छीनी गई थी। उस मामले में भी बाइक सवार बदमाश ही शामिल थे। इस तरह एक महीने में चेन छीनने की यह दूसरी चेन स्नेचिंग की घटना है। लगातार हो रही वारदातों से साफ है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इधर, पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments