![]()
झालावाड़ के सुनेल में धाकड़ समाज के आराध्य देव श्री धरणीधर के जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई।
झालावाड़ के सुनेल कस्बे में धाकड़ समाज के आराध्य देव श्री धरणीधर का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में सत्यनारायण भगवान की कथा से हुई।
दोपहर दो बजे पिड़ावा रोड स्थित हनुमानजी की बगीची से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें धर्म पताका के साथ चार घुड़सवार, बैंड-बाजे और कलश धारण किए महिलाओं का समूह शामिल था। श्री धरणीधर के छायाचित्र के साथ सेमलिया और छोटी सुनेल गांव के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
शोभायात्रा पिड़ावा रोड से शुरू होकर लुहार दरवाजा, छत्री चौक, मुख्य बाजार होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी। मार्ग में ड्रोन से फूलों की वर्षा की गई। यात्रा का समापन हनुमानजी की बगीची में हुआ, जहां तुलसीराम नागर फाऊखेड़ी ने महाआरती की।
नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने पूजा-अर्चना की और प्रसादी वितरण की व्यवस्था की। करीब एक किलोमीटर लंबी कतार में पारंपरिक वेशभूषा में सजे लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्री धरणीधर के जयकारों से पूरा कस्बा धर्ममय हो गया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments