![]()
घाटोली थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में वन भूमि पर कब्जा कर तस्कर पप्पू तंवर उर्फ टोल की ओर से करीब 2 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन फार्म हाउस रविवार सुबह बुलडोजर से जमीदोंज कर दिया गया। तस्कर पप्पू के खिलाफ अलग-अलग थानों पर 7 मामले दर्ज हैं।
एसपी अमित कुमार के अनुसार संगठित अपराध व मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत तस्करी से कमाए धन से बनाई गई संपत्ति की सूचना का संकलन भी किया जा रहा है। उप वन संरक्षक सागर पंवार के निर्देशानुसार वन विभाग ने रविवार सुबह महुवा खो निवासी पप्पू तंवर उर्फ टोल के अवैध निर्माण पर कार्रवाई की है। वह मादक पदार्थ तस्कर है।
घाटोली सरहद में मानपुरा गांव में बेशकीमती वन भूमि पर कब्जा कर उसके द्वारा आलीशान फार्म हाउस बनाया जा रहा था, जिसको ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में अकलेरा डीएसपी बृजेश कुमार, थानाधिकारी भूपेश शर्मा समेत भालता व असनावर थानाधिकारी सहित पुलिस लाइन से पहुंचा 100 जवानों का जाब्ता मौजूद रहा। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ इस प्रकार की अब तक यह तीसरी कार्रवाई है। अकलेरा एसडीएम बाबूलाल मीणा ने बताया कि रविवार सुबह मौके पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के साथ पहुंचे और मकान में रखे कृषि उपकरण हटाए और ध्वस्त करवाया। मकान मालिक पप्पू पर एनडीपीएस एक्ट में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।
तस्कर पर सात मामले दर्ज
पप्पू उर्फ टोल के खिलाफ 2019 से 2023 के बीच मादक पदार्थ तस्करी के कुल 5 प्रकरण अलग अलग थानों में दर्ज हैं। 2019 में पहला मामला पुलिस थाना सारथल, बारां में दर्ज हुआ, जिसमें उसके पास से 9 ग्राम स्मैक बरामद की गई। 2019 में ही दूसरा मामला गंगधार में दर्ज हुआ, जिसमें उसके पास से 4 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई। 2020 में सदर थाना झालावाड़ पुलिस ने उसे 345 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था। 2020 में ही अकलेरा में वह 25 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। 2023 में पप्पू उर्फ टोल काे कोतवाली पुलिस ने 1.82 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उक्त प्रकरणों में उससे 4 किलो 380 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments