![]()
फलोदी जिले के भड़ला में सिक्योरिटी गार्ड के द्वारा दो युवकों की पिटाई के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीएसपी अचल सिंह देवड़ा ने बताया-सुरक्षा कंपनी के गार्ड चुतर सिंह (38) को हिरासत में लिया गया है।
घटना 6 सितंबर की है, जब गेनाराम मेघवाल और मदन लाल के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। गेनाराम ने 8 सितंबर को बाप थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि रात 2 बजे कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें लाठी, डंडे और बेल्ट से पीटा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। अब तक इस मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
मामले में नया मोड़ तब आया जब राजपूत समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि गेनाराम, मदन लाल और एक अन्य व्यक्ति सौर ऊर्जा कंपनी में बंदूक लेकर डकैती करने आए थे। सजग होने पर वे भाग गए और भागते समय सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग भी की। समाज ने इन लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
राजपूत समाज ने एसएचओ और कॉन्स्टेबल समंदर सिंह को लाइन हाजिर करने का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि इन अधिकारियों का मामले में कोई दोष नहीं है। ज्ञापन देने वालों में सवाई सिंह, हनुमान सिंह खांगटा, गोपाल सिंह, स्वरूपा राम, मोहन राम और भोपाल सिंह शामिल थे। पुलिस और प्रशासन के साथ वार्ता के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments