![]()
विजयादशमी के अवसर पर बूंदी जिले में देर रात तक जिला मुख्यालय सहित लाखेरी, केशोरायपाटन, नैनवां, इंदरगढ़ और कापरेन में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का भव्य दहन किया गया। अधिकांश स्थानों पर डेढ़ से दो मिनट के अंदर तीनों पुतले स्वाह हो गए।
बूंदी के कुंभा स्टेडियम में 55 फीट ऊंचे रावण का पुतला महज एक मिनट में जलकर खाक हो गया। केशोरायपाटन में चंबल नदी के तट पर 55 फीट ऊंचे रावण का दहन हुआ। कापरेन में 45, इंदरगढ़ में 25 और नैनवां में 35 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया गया। इन आयोजनों के दौरान जनसमूह रावण दहन देखने के लिए उमड़ पड़ा।
लाखेरी में ट्रैफिक प्रभावित
लाखेरी में रावण दहन के दौरान मेगा हाईवे का ट्रैफिक आधे घंटे के लिए रोकना पड़ा, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। यहां 35 फीट ऊंचे रावण और कुंभकर्ण के पुतले का दहन हुआ, जो दो मिनट में जलकर खाक हो गए।
दहन स्थल के बीच से गुजरने वाले मेगा हाइवे के कारण पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी। दहन स्थल पर जगह कम होने से भीड़ हाईवे किनारे एकत्र हो जाती है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। एसएचओ सुभाष शर्मा ने बताया कि रावण दहन के दौरान ट्रैफिक की समस्या सामान्य है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षित जगहों पर रावण दहन करवाने की अपील की।
बढ़ता ट्रैफिक और सुरक्षा की चुनौती
पिछले एक साल से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाइवे के चलते मेगा हाईवे पर भारी वाहनों का ट्रैफिक काफी बढ़ गया है। इसके कारण रावण दहन के समय सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण चुनौतीपूर्ण हो गया है। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों के लिए पूर्व योजना बनाकर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments