![]()
बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने सीएम को पत्र लिखकर विधायक कोष की राशि 5 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए करने की मांग की।
बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर विधायक कोष की राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने वर्तमान में मिलने वाली 5 करोड़ रुपए की वार्षिक राशि को बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए करने का अनुरोध किया है।
शर्मा ने अपने पत्र में बताया कि राजस्थान के विधायकों को प्रतिवर्ष 5 करोड़ रुपए की धनराशि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा 2021 में स्वीकृत की गई थी। उन्होंने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कर्नाटक में प्रत्येक विधायक को 50 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष दिए जाते हैं। इसमें 37.50 करोड़ रुपए सड़क और पुल निर्माण के लिए तथा 12.50 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए हैं।
विधायक ने उल्लेख किया कि दिल्ली जैसे छोटे प्रदेश में भी प्रत्येक विधायक को 15 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध है। केरल और हरियाणा जैसे छोटे प्रदेशों में भी राजस्थान जितनी राशि स्वीकृत करने का प्रावधान है।
शर्मा ने बताया कि विधायक कोष से 20% तक की राशि जर्जर स्कूल भवन, शौचालय व अन्य सरकारी भवनों के लिए उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में अनेक जर्जर स्कूल भवन, शौचालय और आंगनबाड़ी केंद्र हैं जिनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि बढ़ी हुई धनराशि को कुछ समय तक केवल शैक्षिक भवनों के लिए खर्च करने का प्रावधान किया जा सकता है। शर्मा ने अपने पत्र में अनुरोध किया है कि शैक्षणिक व अन्य राजकीय भवनों के विकास के लिए विधायक कोष की राशि बढ़ाकर दिल्ली के बराबर कम से कम 15 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष की जाए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments