बयाना विधायक ऋतु बनावत की एडिशनल एसपी (ASP) हरिराम कुमावत से कुर्सी पर बैठने की बात को लेकर तीखी बहस हो गई। दरअसल, महिलाओं से बदतमीजी के खिलाफ अपने समर्थकों के साथ थाने में जाकर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान विधायक के पति ऋषि बंसल भी साथ थे।
ASP कुमावत ने जमीन पर बैठी विधायक, उनके पति और कार्यकर्ताओं से कहा- फोटो सेशन हो गया हो तो कुर्सी पर बैठ जाओ। ऐसे में विधायक के पति भड़क गए। उन्होंने कहा- हम यहां न्याय मांगने आए हैं, फोटो सेशन कराने नहीं। अब यही बैठेंगे और धरना देंगे।
कुमावत बार-बार कहते रहे- ये (नीचे) कोई बैठने की जगह नहीं है। इसके बाद विधायक बनावत अपने पति के साथ थाने के अंदर ही धरने पर बैठ गई। मामला भरतपुर के रुदावल थाने का सोमवार शाम 5:20 बजे का है।
पहले देखिए ASP से बहस की तस्वीर

रुदावल थाने में विधायक ऋतु बनावत के पति ASP से उलझ गए। आरोप लगाया कि ASP ने जमीन पर बैठी विधायक से कहा- फोटो सेशन हो गया हो तो कुर्सी पर बैठ जाओ।
महिलाओं के साथ बदतमीजी बर्दाश्त नहीं
विधायक का आरोप है कि पूर्व विधायक के घर में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदतमीजी की है। विधायक ने कहा- भारत में महिला आधी आबादी है, मैं अपने क्षेत्र में इस तरह की घटना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगी। महिलाएं रो-रोकर बता रही हैं कि फोन छीना गया। इस मामले में मेरी आईजी और एसपी से बात हो गई है। मैं थानेदार से पूछने वाली हूं, ऐसी घटना कैसे हुई?

महिलाओं से बदतमीजी के बाद बनावत थाने के बाहर धरने पर बैठी थी।
पूर्व विधायक के घर हमले के आरोपियों को पकड़ने गई थी पुलिस 11 सितंबर को एक समाज के लोगों ने भाजपा के पूर्व विधायक बच्चू बंसीवाल के घर पर हमला कर दिया था। लाठियों और सरियों से लैस ग्रामीणों ने बच्चू बंसीवाल के छोटे भाई कमल सिंह, चाचा चंपालाल और चचेरे भाई सुनील से मारपीट की थी।
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के एक लड़का-लड़की को भगाने में पूर्व विधायक का हाथ है। लड़का उनके समाज का है, ऐसे में उन्होंने मदद की है। इधर हमले के बाद बच्चू सिंह के भाई कमल सिंह ने रुदावल थाने में FIR दर्ज करवाई थी। इस मामले में पुलिस रविवार को बसई में आरोपियों को पकड़ने गई थी।

तस्वीर, उस घर की है जहां पुलिस पहुंची थी। आरोप है कि यहां पुलिस ने मारपीट की और सामान बिखेर दिया।
6 लोगों को हिरासत में लिया इस दौरान पुलिस ने रामेश्वर और कृष्णा नाम के लड़कों के घर दबिश दी। मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया था। रामेश्वर और कृष्णा के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घर पर दबिश के दौरान परिजनों के साथ मारपीट की थी। घर में रखा सारा सामान तोड़ दिया था।
सोमवार को पुलिस की दबिश को लेकर समाज के लोगों की रूपवास के धाना खेड़ली में पंचायत हुई। जहां बयाना विधायक ऋतु बनावत भी पहुंची थीं। उन्होंने समाज के लोगों की बात सुनी।

तस्वीर, रूपवास के धाना खेड़ली की है। यहां सोमवार दोपहर में पंचायत का आयोजन हुआ था।
महिलाओं के साथ दुराचार की हिम्मत कैसे हुई
विधायक ऋतु बनावत ने बताया- बसई गांव में पुलिस और प्राइवेट लोग दबिश देने पहुंचे थे। यहां बिना महिला कॉन्स्टेबल के लोगों के घर में घुसे और महिलाओं के साथ बदतमीजी की है। कैश और ज्वेलरी भी लेकर आ गए।
विधायक ने कहा- यह गलत और निंदनीय है। पुलिस क्या प्राइवेट फर्म के लिए काम कर रही है। पूर्व विधायक (बच्चू बंसीवाल) के घर घटना हुई। उसकी तफ्तीश करनी थी, महिलाओं के साथ दुराचार करने की हिम्मत कैसे हुई। मैं इसी का जवाब लेने थाने आई हूं।
बीजेपी के पूर्व विधायक के घर हमले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
भरतपुर में BJP के पूर्व विधायक के घर में तोड़फोड़:50 लोगों ने भाई-चाचा को पीटा; लड़की लेकर भागे युवक का साथ देने का आरोप

भरतपुर में भाजपा के पूर्व विधायक के घर पर 50 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। लाठियां-डंडे लेकर पहुंचे लोगों ने पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंसीवाल के चचेरे भाई, चाचा और छोटे भाई से मारपीट की। (पढ़ें पूरी खबर)
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments