बारां में परवन नदी में उफान होने से पुलिया पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया।
बारां जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश अब आफत बन गई है। नदी-नालों के उफान पर होने से कई जगह मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। हथवारी बाईपास श्योपुर-गुना स्टेट हाईवे 23 पर कार में मालिक और ड्राइवर समेत 7 लोग सवार थे। कार सवार कोटा से अपने रिश्तेदार के यहां से नाहरगढ़ लौट रहे थे। पीपलखेड़ी अंडरपास पर पानी के तेज बहाव में कार बह गई।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस कॉन्स्टेबल मनोज बिश्नोई और युवक मिथुन ने जान जोखिम में डालकर परिवार की जान बचाई। कार में शोएब, यूनिस, सोनिया मंसूरी, अंज़ूमन, आयरा और अरीना सवार थे।
शाहाबाद क्षेत्र में तेज बारिश के कारण ऊनी पहाड़ी के पास नेशनल हाईवे पर पानी का बहाव होने से करीब दो फीट की चादर चल रही थी। इससे वाहनों की आवाजाही रुक गई।
बपावर के समीप परवन नदी के उफान पर होने से पुलिया पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। इससे बारां-झालावाड़ मार्ग भी बंद रहा।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। बारां में 5, अंता में 52, मांगरोल में 11, छबड़ा में 95, छिपाबडौद में 98, अटरू में 109, शाहाबाद में 15 और किशनगंज में 71 मिलीमीटर बारिश हुई।


Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments