शिव विधानसभा क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। क्षेत्र के विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार जताते हुए जानकारी दी कि राज्य सरकार ने शिव क्षेत्र की 17 नॉन पेचेबल सड़कों एवं एक नवीन विद्यालय की स्थापना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
विधायक भाटी ने बताया कि सरकार की इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में वर्षों से लंबित सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इन सड़कों के बनने से न केवल ग्रामीण संपर्क बेहतर होगा, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।
सड़कों में भिंयाड़ से आरंग तक, गिराब से झिंझनियाली तक, बाड़मेर-मुनाबाव मार्ग से जैसिंधर गांव तक, गंगा से अंतरा तक सड़क निर्माण कार्य सहित अन्य कई आंतरिक ग्रामीण सड़कों का भी विकास होगा। भाटी ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी, विशेषकर बारिश के मौसम में जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता था, वे अब समाप्त होंगी। यह राज्य सरकार की ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इसके साथ ही रामसर ब्लॉक की सियानी ग्राम पंचायत के राजस्व गांव लाबराऊ स्थित जवाहर सिंह की ढाणी में नवीन राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्थापना को भी सरकार ने मंजूरी दी है। विधायक भाटी ने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। विधायक भाटी ने कहा कि यह सभी स्वीकृतियां जनभावनाओं और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिली हैं। वे भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे और शिव विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments