![]()
सेंदड़ा पुलिस ने अपहरण और हत्या के प्रयास के 10 माह से फरार आरोपी को दबोचा।
सेंदड़ा पुलिस टीम ने अपहरण और हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में पिछले करीब 10 महीने से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता ब्यावर से मिली है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गत 10 दिसंबर को पीड़ित किशोर मजदूरी कर अपने घर अमरपुरा लौटा था। वहां पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अजय, लक्की और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद पीड़ित को जबरन उठाकर ब्यावर बलाड रोड पर ले जाया गया। वहां फिर पूरी रात उसे गंभीर रूप से पीटा गया। आरोपियों ने पीड़ित पर पेट्रोल डालकर जलाने का भी प्रयास किया।
घायल अवस्था में पीड़ित को उसके मामा के घर के आगे फेंक दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में आरोपी अजयसिंह, किशनसिंह और विनोद उर्फ विन्नु को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
घटना के बाद से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश पुत्र कैलाश जोशी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सूरजपोल गेट पुलिस चौकी के सामने ब्यावर का निवासी है और वर्तमान में अन्नपूर्णा कॉलोनी, विजयनगर रोड, थाना ब्यावर सिटी, जिला ब्यावर में रहता है।
आरोपी योगेश का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ थाना ब्यावर सिटी में विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट के प्रकरण शामिल हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा (RPS) और वृत्ताधिकारी जैतारण सतेन्द्र नेगी (RPS) के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी सेन्दड़ा रामकिशन उपनिरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments