![]()
पुराने बिजलीघर के पास एक मकान में सांप घुस गया।
श्रीगंगानगर जिले के जैतसर क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का असर जीव-जंतुओं पर भी दिख रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी और उमस के कारण सांप खुले इलाकों से निकलकर रिहायशी क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों में नई धान मंडी, पुरानी धान मंडी, मुख्य बाजार, राजकीय स्कूलों के पास और अन्य घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सांप दिखने की घटनाएं बढ़ गई हैं। हर दिन कहीं न कहीं से सांप देखे जाने की सूचना मिल रही है। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इन परिस्थितियों में स्नैक कैचर गौरीशंकर जांगिड़ और करण डाबला सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे समय पर मौके पर पहुंचकर सांपों को पकड़ते हैं और उन्हें वन विभाग की नर्सरी में छोड़ आते हैं। इससे लोगों को नुकसान नहीं होता है। गौरीशंकर जांगिड़ के अनुसार इस मौसम में सांपों की सक्रियता बढ़ जाती है। वे ठंडक की तलाश में घरों, दुकानों और स्कूलों के आसपास पहुंच जाते हैं। रविवार को पुराने बिजलीघर के पास एक मकान में सांप घुस गया था। इसे देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और शोर मच गया। सूचना मिलते ही स्नैक कैचर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल क्षेत्र में स्थित नर्सरी में छोड़ दिया।
विशेषज्ञों का कहना है कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें। फालतू सामान जैसे लकड़ियां, ईंट-पत्थर या घासफूस एकत्र न होने दें। ये स्थान सांपों के छिपने के लिए उपयुक्त होते हैं। लोगों को सलाह दी जाती है कि सांप दिखने पर प्रशिक्षित स्नैक कैचर्स को सूचना दें। इससे सांपों को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से हटाया जा सकता है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments