प्रतापगढ़ में खेत पर बनी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे खेत पर मौजूद दंपती झुलस गए और तीन मवेशी की मौत हो गई, जबकि दो मवेशी झुलस गए। घटना भेसा डाबर ग्राम पंचायत जामली व प्रतापपुरा सीमा क्षेत्र में शुक्रवार रात की है।
मिली जानकारी के अनुसार छगनलाल पुत्र वागला निवासी ग्राम पंचायत हिंगलाट और उनकी पत्नी खेत पर रखवाली कर रहे थे। खेत में ही झोपड़ी भी बनी हुई है। इस दौरान झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वहां बंधे तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य मवेशी झुलस गए।

झोपड़ी में रखी खाद्य सामग्री और करीब 2 से 3 हजार रुपए नकद भी जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार आग देर रात की बताई जा रही है। लोगों के पहुंचने से पहले ही काफी नुकसान हो चुका था। वहीं, घायल दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छगनलाल का उपचार अभी जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने जांच शुरू कर दी। प्रशासक पति श्यामलाल मीणा के अनुसार आग के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
बिजली के शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने आगजनी के कारणों की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments