बाड़मेर के मेडिकल कारोबारी के घर में 1 करोड़ की डकैती का पुलिस ने 5 दिन बाद खुलासा कर दिया। मास्टरमाइंड समेत चारों डकैतों को बापर्दा गिरफ्तार किया है। इनके 2 सहयोगियों को डिटेन किया गया है। माल बरामदगी के लिए आरोपियों से पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
कारोबारी के यहां काम कर चुका सेल्समैन ही डकैती का मास्टरमाइंड है। आरोपी ने आसपास के मेडिकल सेल्समैनों को साथ मिलाकर डकैती की साजिश रची थी। CCTV से बचने के लिए चारों आरोपी 15KM तक रेलवे ट्रैक के किनारे चले थे। इसके बाद सुबह अपनी-अपनी दुकान पर लौट आए ताकि किसी को शक न हो।
घटना गडरारोड इलाके के मुख्य बाजार में 3 सितंबर की देर रात 2 बजे की थी। पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा किया दिया।

तस्वीर, उत्तमचंद की है। वे अपनी आपबीती बताते हुए सहम गए थे। घर में केवल महिलाएं और सिर्फ 70 साल के उत्तमचंद ही थे।
पढ़िए 1 करोड़ की डकैती की प्लानिंग की कहानी…
1 करोड़ ज्वेलरी-कैश की लूट
SP नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि उत्तमचंद भूतड़ा (70) का बाड़मेर में मेडिकल स्टोर है। 31 अगस्त को उनकी बेटी माया (30) मां-बाप से मिलने आई थी। 3 सितंबर की बुधवार रात को घर में उनकी पत्नी कमला (72), बेटी माया और 10 महीने की दोहिती थी। बेटा रानेश किसी काम से अहमदाबाद गया हुआ था।
इस दौरान नकाबपोश 6 लोग छत के रास्ते उनके घर में घुसे। इसी दौरान उत्तमचंद की आंख खुल गई। बदमाशों की आवाज सुनकर घर के बाकी सदस्य भी जाग गए। यह देख बदमाशों ने उत्तमचंद के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर बांध दिए। उनकी पत्नी-बेटी के भी हाथ-पैर बांध दिए। मुंह पर टेप लगा दिया। धमकी दी कि शोर मचाया तो 10 महीने की दोहिती को जान से मार डालेंगे। इसके बाद करीब 35 तोला सोना, 40 किलो चांदी और 5 लाख रुपए कैश लूट कर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
चारों मेडिकल शॉप पर सेल्समैन
SP नरेंद्र मीना ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के 100 से ज्यादा CCTV खंगाले और बाड़मेर-जैसलमेर व जालोर की तरफ जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज देखे। इसके साथ ही मोबाइल टावर डेटा जुटाए और आरोपियों तक पहुंचे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों मेडिकल शॉप पर काम करते हैं। डकैती का मास्टरमाइंड ने बताया कि वह कारोबारी उत्तमचंद के मेडिकल स्टोर पर काम करता था। 4 महीने पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद पिछले 1 महीने से वह 3 आरोपियों के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग बना रहा था।

इसी सीढ़ी के रास्ते आरोपी डकैती डालने घर में घुसे थे।
मास्टरमाइंड ने की थी रैकी
मास्टरमाइंड को मालूम था कि उत्तमचंद का बेटा रानेश अक्सर काम के सिलसिले में बाहर जाता रहता है। वह इसी ताक में था कि जैसे ही रानेश बाहर जाएगा घर में सिर्फ बुजुर्ग ही होंगे। उसी दौरान लूट की वारदात को अंजाम देंगे।
3 सितंबर की रात चारों आरोपी अलग-अलग साधनों से गडरारोड पहुंचे। यहां से मकान की रैकी की। देर रात पड़ोसी की छत से सीढ़ियों के रास्ते उत्तमचंद के मकान में दाखिल हुए।

डकैती डालने आए चारों आरोपियों ने पूरा घर खंगाला था।
रेलवे ट्रैक के सहारे 15 किमी पैदल चले
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 1 से 2 घंटे तक घर में लूट करने के बाद निकले और रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। यहां से CCTV फुटेज से बचने के लिए रेलवे ट्रैक के किनारे 15 किमी दूर गागरिया कस्बे तक पैदल पहुंचे। वहां से चारों अलग-अलग जगह के लिए रवाना हो गए।

तस्वीर, भूतड़ा की बेटी माया की है। वह अपनी 10 महीने की बच्ची के साथ कमरे में थी। आरोपियों ने बच्ची को मारने की धमकी दी थी।
सुबह दुकानों पर लौटे ताकि शक न हो
पूछताछ में सामने आया कि रातभर जागने के बावजूद चारों आरोपी सुबह हमेशा की तरह अपनी-अपनी दुकानों पर लौट आए। जिससे लोगों को उन पर शक नहीं हो। पुलिस ने फिलहाल चारों आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया। माल बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। सहयोग करने वाले दो आरोपियों को डिटेन किया है।
ऐसे पकड़ में आए आरोपी
पुलिस की डॉग स्क्वॉड वारदात स्थल से बार-बार गडरारोड थाने के पीछे स्थित मकान की ओर जा रही थी। ऐसे में पुलिस को अंदेशा हो गया कि डकैती डालने वाले आसपास के ही है। इसके बाद जिस मकान के पास डॉग गया था वहां पूछताछ कर पहली गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार मेडिकल सेल्समैन ने बाकी तीनों आरोपियों के नाम भी बता दिए।
वहीं वारदात के बाद इलाके में एक्टिव फोन की जांच की गई तो इसमें एक नंबर मास्टरमाइंड का भी था। ऐसे में कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने मामले का खुलासा किया।
…………………………………………..
1 करोड़ की लूट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
मेडिकल व्यापारी के घर पर डकैती, एक करोड़ की लूट:पत्नी-बेटी को बंधक बनाया, मुंह में कपड़ा ठूंसा, 10 महीने के मासूम को मारने की धमकी दी

बाड़मेर में एक मेडिकल व्यापारी के परिवार को बदमाशों ने बंधक बनाकर घर में रखे करीब 93 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और 5 लाख कैश लूट कर फरार हो गए। हथियारबंद लुटेरों ने मेडिकल व्यापारी उत्तमचंद भूतड़ा (70), उनकी पत्नी कमला देवी (72) और बेटी माया (30) के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगा दी। उत्तमचंद के साथ मारपीट भी की। (पढ़ें पूरी खबर)
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments