![]()
श्रीयादे माटी कला बोर्ड, राजस्थान सरकार के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने शुक्रवार को झालामंड स्थित श्रीयादे माता मंदिर परिसर में आयोजित माटी कला कौशल विकास एवं जागरूकता शिविर में शामिल हुए।
शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- किसी भी समाज की प्रगति तभी संभव है, जब उसके बच्चे शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनें। शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने परिवार के लिए बेहतर अवसरों का सृजन करता है, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की उन्नति में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह टाक ने प्रजापत समाज को अपने बच्चों को उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित करते हुए कहा कि जब हम मिट्टी को सुंदर कलाकृतियों में ढाल सकते हैं, तो अपने बच्चों को संस्कार और शिक्षा से संवारकर समाज में प्रतिष्ठित स्थान दिलाने में क्यों पीछे रहें? जो समाज पढ़ेगा, वही आगे बढ़ेगा।
लॉटरी से 70 कामगारों का चयन
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के माटी कामगारों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से मिट्टी गूंथने की मशीन एवं विद्युत चालित चाक नि:शुल्क वितरण हेतु लॉटरी निकाली गई। मुख्य अतिथि प्रहलाद राय टाक ने लॉटरी का शुभारंभ करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा 2025-26 की क्रियान्विति के अंतर्गत जोधपुर जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों से कुल 70 कामगारों का चयन किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले की लूणी, शेरगढ़, भोपालगढ़, सरदारपुरा, जोधपुर व ओसियां विधानसभा क्षेत्रों से कुल 526 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से प्रत्येक क्षेत्र से 10-10 कामगारों का चयन किया गया। इन चयनित कामगारों को 10 दिन का प्रशिक्षण देकर दोनों मशीनें राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी।
समाज उत्थान हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत
इस अवसर पर आयोजकों ने कुम्हार समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें टाक के समक्ष रखीं।
- श्रीयादे माटी कला बोर्ड को संवैधानिक दर्जा प्रदान करना
- देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर प्रजापत समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना
- श्रीयादे माता जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करना शामिल रहीं।
स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के प्रतिनिधि जीतराम चौधरी ने केंद्र व राज्य सरकार की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। उन्होंने बताया कि बेहद कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर माटी कामगारों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सम्मान एवं सहभागिता
इससे पूर्व आयोजकों ने प्रहलाद राय टाक का पारंपरिक स्वागत करते हुए फूल मालाएं पहनाकर, साफा बांधकर एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से समाजसेवी धर्माराम प्रजापत, सुरेश नागौरी, हीरालाल प्रजापत, श्रीयादे माता पावन धाम (झालामंड) के अध्यक्ष रामचंद्र प्रजापत, पुखराज प्रजापत, दौलतराम प्रजापत, सुरजाराम प्रजापत एवं श्री दयाल प्रजापत उपस्थित रहे। मंच संचालन सुनील प्रजापत ने किया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments