![]()
डीडवाना कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने नागरिक सुविधा बढ़ाने के लिए नए उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।
डीडवाना में जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक सोमवार शाम को जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आधार सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आमजन को सुगम, पारदर्शी तथा समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
डॉ. खड़गावत ने आधार नामांकन, अद्यतन और अन्य सेवाओं को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नागरिक सुविधा बढ़ाने के लिए नए उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत समिति, ग्रामीण क्षेत्रों और नगर निकायों में नए आधार केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों में भी नागरिकों को आधार सेवाएं आसानी से मिल सकें। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को 18 वर्ष आयु के नए मतदाताओं और नागरिकों के आधार नामांकन के लिए अन्य ब्लॉकों में भी पर्याप्त आधार मशीनें स्थापित करने को कहा गया।
जिला कलेक्टर ने आमजन से आधार सेवाओं की निर्धारित दरों की जानकारी रखने और उसी के अनुसार भुगतान करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई केंद्र निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलता है, तो संबंधित संचालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आधार से संबंधित किसी भी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी ने 01 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2028 तक लागू होने वाली नई शुल्क सूची की जानकारी दी।
नई शुल्क सूची के अनुसार
नया आधार बनवाना और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (5-7 वर्ष तथा 15-17 वर्ष) निशुल्क रहेगा। अन्य बायोमेट्रिक अद्यतन के लिए ₹125, डेमोग्राफिक अद्यतन के लिए ₹75 और दस्तावेज अद्यतन के लिए ₹75 शुल्क निर्धारित किया गया है। आधार सर्च एवं प्रिंटआउट के लिए ₹40 का शुल्क लगेगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, उपनिदेशक शिवराज सोनी, डाक विभाग से राज चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग से ओमप्रकाश और समाज कल्याण विभाग से जयपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments