![]()
कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा रावतभाटा रोड पर तेज रफ्तार एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए।
कार सवार ने घायलों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन आधे रास्ते में ही सड़क किनारे उन्हें छोड़ भाग गया। बाद में दोनों में एक घायल की अस्पताल में मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर घायल है।
पुलिस ने बताया कि नयागांव निवासी राजेंद्र कुशवाहा (50) और रोहित (25) रथकाकरा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित और राजेंद्र सड़क पर गिर पड़े।
इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। तब कार सवार ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाया, लेकिन आधे रास्ते में दोनों को छोड़कर भाग गया।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल मृतक के पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि कार चालक दोनों घायलों को नयागांव तक लेकर आया। लेकिन घायल अवस्था में बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान राजेंद्र ने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों ने घायल राजेंद्र को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सिर और शरीर पर गहरी चोटें आने के कारण वे बच नहीं सके। हादसे की खबर लगते ही परिजन में कोहराम मच गया। उधर रोहित गंभीर घायल है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस आरकेपुरम थाने के एएसआई खेमचंद ने बताया कि हॉस्पिटल से सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments