![]()
कोटा शहर में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइक सवार दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो वारदातों को अंजाम दिया और सोने के जेवर ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के थर्मल चौराहे पर कृष्णा नगर निवासी अनिल सोनी मथुराधीश मंदिर से लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चेकिंग का बहाना बनाया। आरोपियों ने उन्हें डराया और कहा कि गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। इस दौरान उन्होंने अनिल से सोने का ब्रेसलेट, अंगूठी और चेन उतरवा लिए और बदले में नकली जेवर थमा दिए। अनिल ने धोखाधड़ी का अहसास होते ही तुरंत थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
दूसरी घटना कैथूनीपोल थाना क्षेत्र के गुजराती भवन के सामने हुई। यहां भी बाइक सवार दो युवकों ने बुजुर्ग भगवान दास को रोककर उनके हाथ का सोने का कड़ा उतरवा लिया और नकली गहना पकड़ा दिया। हालांकि भगवान दास ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों की बातों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
कुन्हाड़ी थाने के थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि दो युवक आए थे जो की अपने आप को पुलिसकर्मी बताते हुए चेकिंग चलने के नाम पर एक युवक के साथ ठगी कर ले गए। पीड़ित से शिकायत ली है मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments