☜ Click Here to Star Rating


चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ कस्बे में रविवार को एक डकैती के आरोपी का पुलिस द्वारा जुलूस निकाला गया। यह आरोपी भादसोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक डकैती के मामले में पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपी को उसी क्षेत्र में ले जाकर जुलूस निकाला, जहां उसका घर है।

.

पकड़ा गया आरोपी हर्षित उर्फ हरीश नाथ है, जो कि मंगलवाड़ थाना क्षेत्र का निवासी है। वह इलाके में आपराधिक गतिविधियों के लिए पहले से ही जाना जाता था। उस पर पहले भी चाकूबाजी जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। क्षेत्र में उसकी दहशत बनी हुई थी। पुलिस ने इस बार उसे कड़ी कार्रवाई के तहत लोगों के सामने लाकर उसका मनोबल तोड़ने की कोशिश की। आज जुलूस निकालते समय आरोपी लगातार अपना चेहरा छुपाता रहा। वहीं, मार्केट में यह चर्चा का विषय बना रहा।

2 अक्टूबर को हुई थी डकैती, 8 आरोपियों ने वारदात को दिया था अंजाम

आरोपी ने अपने अन्य दोस्तों के साथ डकैती की थी। यह डकैती पिछले साल 2 अक्टूबर की रात को हुई थी। उस समय रमेश चंद्र नाम के व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रमेश चंद्र एक वितरक (डिस्ट्रीब्यूटर) हैं और वह रॉईनेट कंपनी, स्पाइस मनी और फिनोपेमेंट्स बैंक जैसी फिनटेक कंपनियों के लिए कैश कलेक्शन का काम करते हैं।

2 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे रमेश चंद्र मंगलवाड़ से कैश कलेक्शन करके अपनी मोटरसाइकिल से गांव नपानिया, भादसोड़ा की ओर जा रहे थे। उनके पास एक बैग में करीब 6 लाख 15 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज थे। जब वे अपने गांव नपानिया से करीब 500 मीटर पहले सिक्स लेन हाईवे पर पहुंचे, तो पीछे से एक स्वीफ्ट डिज़ायर कार आई और उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

जैसे ही वे सड़क पर गिरे, कार से तीन लोग उतरे और उन्होंने रमेश चंद्र के साथ मारपीट कर बैग छीन लिया, जिसमें सारा पैसा और दस्तावेज थे। इसके बाद आरोपी कार में बैठकर भाग निकले।

आरोपी को किया गिरफ्तार, निकाला जुलूस।

आरोपी को किया गिरफ्तार, निकाला जुलूस।

पुलिस ने की कार्रवाई, हरीश 19 अगस्त को पकड़ा गया

भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि, इस वारदात की रिपोर्ट 5 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और अब तक इस मामले में कुल 8 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पहले 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनसे पुलिस ने करीब 4 लाख रुपए की लूटी हुई राशि भी बरामद की थी।

हर्षित उर्फ हरीश नाथ, जो कि इस वारदात का एक महत्वपूर्ण आरोपी है, उसे पुलिस ने 19 अगस्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से 32,000 रुपए नकद बरामद किए। यह पैसा उसी डकैती से जुड़ा हुआ है। हर्षित गिरफ्तारी से पहले लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस बोली – कानून का राज कायम है

आरोपी हर्षित की उसी के इलाके में दहशत थी। उसे गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे उसी के इलाके में ले जाकर जुलूस निकाला, जिससे लोगों को यह विश्वास दिलाया जा सके कि कानून का राज कायम है। पुलिस ने इस जुलूस के माध्यम से यह संदेश दिया कि अपराधी चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, वह कानून से नहीं बच सकता।

भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस इस जुलूस के माध्यम से जनता को यह बताना चाहती है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों को डरने की जरूरत नहीं है और अपराधियों के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। कानून हर अपराध का जवाब देता है।

फोटो-वीडियो-कंटेंट – प्रकाश पुष्करणा



Discover more from Kuchaman City Directory

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Comments

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Sign In

Register

Reset Password

Please enter your username or email address, you will receive a link to create a new password via email.

Discover more from Kuchaman City Directory

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading