जयपुर में डेढ़ साल के बच्चे को किडनैप करने का मामला सामने आया है। मां के पास सो रहे मासूम को महिला उठा ले गई। पुलिस ने किडनैपर महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित छुड़वा लिया है।
आरोपी महिला पुलिस को चकमा देने के लिए कई ट्रेन बदलकर अपने ठिकाने पर पहुंची थी। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया- बेटी के संतान नहीं होने पर उसको देने के लिए बच्चा चुराया था। मामला सदर थाना इलाके का है।

रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर आरोपी महिला बच्चे को गोद में लेकर घूमते नजर आई।
डीसीपी (वेस्ट) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया- आरोपी रेखा देवी (46) पत्नी विनोद गुजराती निवासी कठपुतली नगर, कच्ची बस्ती, जयपुर को अरेस्ट किया है। पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले और डीडवाना-कुचामन के नावां रेलवे स्टेशन के पास कच्ची बस्ती में दबिश देकर पकड़ लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से डेढ़ साल के मासूम को भी सुरक्षित छुड़वाकर मां को सौंप दिया है। गिरफ्तार आरोपी रेखा देवी से पूछताछ में सामने आया है कि उसकी बेटी के संतान नहीं है। ऐसे में उसने बेटी को देने के लिए बच्चा चोरी किया। बच्चे का किडनैप करने के बाद पुलिस से बचने के लिए कई ट्रेन बदलते हुए पहुंची थी।
बच्चा चुराते मां ने देखा, किडनैप कर ले गई एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- मध्यप्रदेश के गुना निवासी महिला ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया- पति के परेशान करने पर डेढ़ साल के बेटे को लेकर तीन-चार दिन पहले वह जयपुर आई थी। जीआरपी थाने के सामने रेलवे स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर रहकर काम तलाशने लगी। रात के समय हसनपुरा पुलिया के नीचे फुटपाथ पर कचरा उठाने का काम करती थी।
मंगलवार सुबह 5:30 बजे फुटपाथ पर वह बेटे के साथ सो रही थी। उनके पास ही रेखा गुजराती नाम की महिला भी सो रही थी। रेखा गुजराती ने डेढ़ साल के बेटे को सोते समय चुरा लिया। मासूम बेटे को ले जाते देखकर शोर मचाया, लेकिन वह भाग निकली।

सदर थाना पुलिस ने आरोपी महिला रेखा देवी को डीडवाना-कुचामन जिले के नावां रेलवे स्टेशन के पास कच्ची बस्ती से गिरफ्तार किया है।
पीछा करते कच्ची बस्ती पहुंची पुलिस धर्मवीर सिंह ने बताया- SHO लक्ष्मीनारायण के नेतृत्व में टीम का गठन कर किडनैपर महिला और बच्चे की तलाश शुरू की गई। CCTV फुटेज खंगालने पर एक महिला बच्चे को गोद में लेकर रेलवे स्टेशन के अंदर जाते दिखाई दी। जयपुर रेलवे स्टेशन पर लगे फुटेज में सुबह 6:45 बजे महिला अजमेर जाने वाली ट्रेन में बैठते दिखाई दी। अजमेर जंक्शन के फुटेज चेक करने पर स्टेशन पर उतरकर दोबारा कासगंज ट्रेन से जयपुर के लिए रवाना होना पाया गया।
महिला जयपुर जंक्शन नहीं आकर सीधे ही फुलेरा जंक्शन पर उतर गई। फुटेज के आधार पर पीछा करते हुए पुलिस टीम भी पहुंच गई। महिला फुलेरा जंक्शन से जोधपुर जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। नागौर के नावां रेलवे स्टेशन पर बच्चे को गोद में लेकर बाहर जाते दिखाई दी। पुलिस टीम ने नावां रेलवे स्टेशन के पास स्थित डेरों और कच्ची बस्ती में हुलिए के आधार पर सर्च किया। तलाशी के दौरान उसे पकड़कर किडनैप बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments