प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से रूबरू हुए विनोद जाखड़।
राजस्थान में छात्र संघ चुनाव को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। NSUI द्वारा छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर 5 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने मीडिया से रूबरू होते हुए इसकी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर पूर्व कांग्रेस सरकार छात्र संघ चुनाव स्थगित नहीं करती। तो आज कांग्रेस सरकार ही सत्ता में होती।
शहीद स्मारक से CM आवास के लिए होंगे रवाना
राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने बताया कि प्रदेशभर में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ता पिछले लंबे वक्त से जिला स्तर पर आंदोलन कर रहे हैं। अब प्रदेश की सोई हुई सरकार को जगाने के लिए हम 5 अगस्त को जयपुर में प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। जिसमें प्रदेश भर से छात्र संघ चुनाव की मांग करने के लिए युवा जयपुर के शहीद स्मारक पर इकट्ठा होंगे। वहां से हम मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए रैली के रूप में रवाना होंगे।
वादा खिलाफी कर रही BJP
जाखड़ ने कहा कि राजस्थान की राजनीति में छात्र संघ चुनाव से काफी नेता पहुंचे हैं। लेकिन न जाने क्यों सरकार ने बेवजह चुनाव को बंद कर दिया। जबकि यह राजनीति की पहली सीढ़ी होता है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव हमारा अधिकार है। भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने चुनावी वादे में चुनाव फिर से शुरू करने की मांग की थी। लेकिन 2 साल का वक्त बीत जाने के बाद अब तक सरकार अपने वादे को पूरा नहीं कर रही है। ऐसे में बीजेपी सरकार को अपना वादा याद दिलाने के लिए हम जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर उन्हें अपना वादा याद दिलाएंगे।

विनोद ने कहा कि मुख्यमंत्री घेराव के लिए प्रदेशभर से युवा जयपुर इकट्ठा होंगे।
छात्रों की नहीं हो रही सुनवाई
जाखड़ ने कहा कि जब से राजस्थान में छात्र संघ चुनाव बंद हुए हैं। कॉलेज और यूनिवर्सिटी के हालात बिगड़ने लगे हैं। छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रशासन उनकी जायज समस्याओं की भी सुनवाई तक नहीं कर रहा है। जब कोई छात्र आम छात्रों की आवाज उठाता है। तो प्रशासन तानाशाही कर उसे झूठे केस में फसाने की धमकी देता है। ऐसी तमाम समस्याओं के लिए सिर्फ छात्र संघ चुनाव ही एकमात्र समाधान है। जो इसी साल शुरू होने चाहिए। जाखड़ ने बताया कि NSUI के इस प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी समेत छात्र राजनीति से मुख्य धारा की राजनीति में पहुंचने वाले तमाम नेता और पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
छात्रसंघ चुनाव होते, तो कांग्रेस सत्ता में होती
पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा छात्र संघ चुनाव बंद करने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए जाखड़ ने कहा कि राजस्थान की पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही छात्र संघ चुनाव बंद हुए थे। अगर तब कांग्रेस सरकार चुनाव बंद नहीं करती, तो आज शायद हमारी ही सरकार सत्ता में होती। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी छात्र संघ चुनाव को लेकर अपना स्पष्टीकरण दे चुके हैं। उन्होंने हम बताया कि उन्हें कुलपति और विभाग के अधिकारियों ने न्यू एजुकेशन पॉलिसी लागू करने के चलते 1 साल चुनाव स्थगित करने की बात कही थी। लेकिन अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार फिर से सत्ता में आती। तो जनवरी में ही वह फिर से छात्र संघ चुनाव का आयोजन जरूर करवाते।
कार्यकारणी को लेकर बेवजह कर रहे विवाद
मीडिया से बातचीत के दौरान जाखड़ ने NSUI प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर हो रहे विवाद पर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन किसी जाति विशेष का नहीं बल्कि, छात्रों का संगठन है। जिसमें सभी जाति, धर्म और मजहब के युवा शामिल है। हम जाति के आधार पर नहीं बल्कि, जमीन पर युवाओं के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता को मौका देते हैं। वैसे भी सभी समाज और धर्म के युवा हमारे संगठन का हिस्सा है। लेकिन कुछ लोग बेवजह विवाद पैदा करना चाहते है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments