![]()
बीकानेर में नशे का व्यापार करने वालों ने अब नकली नोटों की सप्लाई भी शुरू कर दी है। बीकानेर के नयाशहर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों से छह हजार रुपए के जाली नोट और 55 ग्राम एमडी बरामद हुई है।
नयाशहर थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद कुछ और खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है। बीकानेर पुलिस को नावां पुलिस से सूचना मिली थी कि एक स्पॉर्पियो गाड़ी में सवार युवक नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी करवा दी। नयाशहर थाने के पास ईदगाह के आगे पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोक कर तलाशी ली तो सूचना सही निकली।
एसएचओ विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि एक युवक रंगा कॉलोनी का रहने वाला सहीराम बिश्नोई पुत्र बीरबल राम है और दूसरा प्रेमसुख डेलू जंभेश्वर नगर का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि युवक नशीला पदार्थ शहर में नशे के आदि युवकों को बचने के लिए लाए थे। उनके पास से कांटा भी मिला है। स्कॉर्पियो भी उन्हीं की है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के केस दर्ज हो चुके हैं।
कहां से आए नकली नोट
बीकानेर शहर में रहने वाले युवकों के पास से नकली नोट बरामद होने को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस इसी नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशाखोरी के साथ ही नकली नोटों का धंधा भी बीकानेर में कैसे शुरू हो गया और कौन इसे कर रहा है? फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments