उदयपुर में इस बार नवरात्र महोत्सव को लेकर उदयपुर के श्रीमाली समाज ने बड़ा फैसला लिया है। जब गरबा खेला जाएगा तब इस समाज में इस बार फिल्मी गानों का शोर नहीं होगा। समाज ने कहा कि साउंड सिस्टम में जो शोर होगा उसमें सांस्कृतिक और पारंपरिक रंगों की धुन सुन
श्री श्रीमाली ब्राह्मण समाज उदयपुर सहित मां अंबे के समस्त भक्तों और जनमानस की भावना के अनुरूप गरबा के दौरान फिल्मी गानों से पूरी तरह से परहेज रखने का निर्णय लिया है। सिर्फ माता के गरबा रास के गानों पर ही डांडिया खेला जाएगा।

श्री श्रीमाली ब्राह्मण समाज उदयपुर की बैठक में अपने सुझाव देती महिलाएं।
आगामी 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर समाज की ओर से टाइगर हिल स्थित संस्कार भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव की तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस महोत्सव में समूचे मेवाड़ अंचल के श्रीमाली समाज के लोग शामिल होंगे।
बैठक में इन बातों पर हुई चर्चा
- समाजजनों ने कहा कि इस वर्ष के नवरात्र महोत्सव को विशेष रूप से भक्ति और आस्था का प्रतीक बनाते हुए गरबा के दौरान केवल मां अंबे के भजनों पर डांडिया रास किया जाएगा।
- समाज अध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली ने बताया कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार के फिल्मी गाने नहीं बजाए जाएंगे। यह आयोजन शुद्ध धार्मिकता और परंपरा के अनुरूप रहेगा।
- उन्होंने कहा कि यह महोत्सव समाज के लिए न केवल उत्सव का प्रतीक है, बल्कि इसका उद्देश्य सांस्कृतिक परंपराओं का संजोना भी है।
- बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुरुष वर्ग परंपरागत जब्बा-पजामा या धोती-जब्बा के साथ पगड़ी पहन कर गरबा महोत्सव में भाग लेंगे, वहीं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मां अंबे की भक्ति भाव से गरबा रास करेंगी।

बैठक में मौजूद समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिला मंडल की टीम।
इस वर्ष पंडाल का आकार बड़ा करेंगे
बैठक में पिछले वर्ष के नवरात्र महोत्सव में सामने आई कमियों पर भी विचार विमर्श किया गया। समाज ने इस वर्ष पंडाल का आकार दोगुना बड़ा करने की तैयारी की है, ताकि अधिक संख्या में लोग गरबा रास में हिस्सा ले सकें। कार्यक्रम को लेकर विशेष समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां दी जाएगी। इस वर्ष भी युवाओं को महोत्सव की आयोजन जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
समाज की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रेखा श्रीमाली ने महिला टीम को सजगता के साथ कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता देने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम शंकर श्रीमाली, कार्यकारिणी पदाधिकारी भाव प्रकाश दशोत्तर, चैतन्य प्रकाश श्रीमाली, युवा अध्यक्ष प्रफुल्ल श्रीमाली सहित मुख्य कार्यकारिणी, युवा कार्यकारिणी और महिला कार्यकारिणी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments