![]()
प्रदेश में भारी बारिश से हुए फसल खराबे का जायजा लेने के लिए मंत्री और विधायक फील्ड में उतरेंगे। सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रभारी मंत्रियों और सचिवों को दो दिन तक क्षेत्र का दौरा करके आमजन को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही सीएम ने विधायकों को भी 5 से 7 सितंबर तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का सघन निरीक्षण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों के साथ हर परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
स्थायी समाधान के लिए योजनाएं बना रहे सीएम भजनलाल शर्मा ने आज विधानसभा में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति पर विधायकों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस साल औसत से 56 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। ऐसे में सभी विधायक अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में जाए और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत-बचाव कार्यो में तेजी लाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तात्कालिक राहत के साथ-साथ बारिश और बाढ़ से हर साल होने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसके लिए हम दीर्घकालिक योजनाए बनाएंगे।
आमजन तक सही जानकारी पहुंचाएं सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि विधायक मीडिया और आमजन को नियमित रुप से जानकारी दें, ताकि अफवाह न फैले। साथ ही, सोशल मीडिया पर भी राहत कार्यो एवं हेल्पलाइन नंबर की जानकारी साझा करें।
उन्होंने राहत शिविरों एवं प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा टीमों की तैनाती, पशुओं के टीकाकरण, पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन, राहत शिविरों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की निगरानी करने के निर्देश दिए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments