![]()
आमजन को राहत देने के लिए परिवहन विभाग ने सिटीजन पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं में कार्यालय स्तर की इनवर्ड प्रक्रिया (ऑनलाइन आवेदन के बाद रसीद कटवाने की बाध्यता) को समाप्त कर दिया है। अब आवेदक सीधे पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे और रसीद भी ऑनलाइन कटवा पाएंगे।
संयुक्त परिवहन आयुक्त (नियम) ने इसके लिए 3 अक्टूबर को आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिन सेवाओं में सिटीजन पोर्टल से सीधे आवेदन होते हैं, उनमें अब कार्यालय जाकर इनवर्ड करवाने की जरूरत नहीं रहेगी। आरटीओ और डीटीओ कार्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे सभी आवेदन सीधे पोर्टल से स्वीकार करें और आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें।
हालांकि विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस बदलाव से आमजन को पूरी राहत अभी नहीं मिलेगी। इनवर्ड प्रक्रिया खत्म होने से केवल शुल्क ऑनलाइन जमा किया जा सकेगा, लेकिन आगे के काम जैसे दस्तावेजों की जांच, सत्यापन और स्वीकृति के लिए आवेदक को कार्यालय जाना ही पड़ेगा। यानी दलालों पर निर्भरता अभी खत्म नहीं होगी।
रोज हजार आवेदन, भीड़ घटेगी
पोर्टल से लोन हटाना-लगाना, वाहन ट्रांसफर, डुप्लीकेट आरसी बनवाना, रजिस्ट्रेशन व फिटनेस, परमिट व रिन्यूअल, अधिकार पत्र, वाहन में बदलाव संबंधी आवेदन, पता परिवर्तन, आरसी सरेंडर, कर जमा व कर चुक प्रमाणपत्र सहित अन्य राज्यों की एनओसी लेने जैसे आवेदन हो सकेंगे। इन कार्यों से जुड़े हर रोज कार्यालय में औसतन 800 से 1 हजार आवेदन आते हैं। एक माह में 20 हजार से 25 हजार आवेदन आते हैं। इन कार्यों के चलते दिनभर कार्यालय में भीड़भाड़ लगी रहती है। ऐसे में अगर यह प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी तो न सिर्फ कार्यालय की भीड़ कम होगी, बल्कि अन्य कई सहूलियतें भी होंगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments