जैसलमेर के ग्रामीण इलाकों में सुबह से बारिश का दौर चल रहा है।
जैसलमेर जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ है। रविवार सुबह जैसलमेर के ग्रामीण इलाकों में बारिश का दौर जारी है। वहीं शनिवार देर रात से जैसलमेर शहर समेत कई इलाकों में बारिश हुई।
इसके साथ ही पोकरण, मोहनगढ़ व रामदेवरा समेत कई ग्रामीण इलाकों में बारिश से सड़कों पर पानी चलने लगा। मौसम विभाग ने जिले में रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि जोधपुर व बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर कुछ भागों में आगामी 4-5 दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

ग्रामीण इलाकों में तेज बरसात से किसानों के चेहरे खिले।
फसलों को मिलेगा जीवनदान
जैसलमेर शहर में बीती रात 9 बजे तक बारिश का दौर जारी रहा। पोकरण शहर व रामदेवरा कस्बे में अच्छी बारिश हुई। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार बन गया। नाचना कस्बे सहित आसपास के गांवों में शाम को आसमान में काली घटाएं छा गई। हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। जो लगभग एक घंटे तक चला। जिससे जगह जगह पानी भर गया। नाचना सहित आसपास के नहरी क्षेत्र में अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे है। सिंचाई के अभाव में खराब हो रही खरीफ फसलों को नया जीवन दान मिल गया है।

नाचना इलाके में बरसात से मौसम हुआ सुहाना।
जैसलमेर में 5 पोकरण में 13 मिमी बारिश
शनिवार सुबह 8 बजे तक पोकरण में 13, मोहनगढ़ में 9, जैसलमेर में 5 व फलसूंड में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले में पिछले काफी दिनों से एक्टिव मानसून से किसानों के चेहरे खिले हैं। वहीं पूर्व में हुई बारिश से कई नदी, तालाबों व नाडियों में पानी की आवक हुई है। शनिवार को दिन के पारे में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments