भरतपुर संभागीय आयुक्त ने मौके पर पेंशन आदेश जारी कर पेंशनधारकों को दी राहत।
भरतपुर संभागीय आयुक्त डॉ टीना सोनी और जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल ने कुम्हेर उपखंड में अटल जन सेवा शिविर का आयोजन किया। शिविर में रिठौटी के तीन पेंशनधारकों की समस्या का तत्काल समाधान किया गया।
सुभद्रा, सुरौता और अमर सिंह की पेंशन वार्षिक सत्यापन न होने के कारण बंद हो गई थी। तीनों ने शिविर में अपनी समस्या रखी। संभागीय आयुक्त ने मौके पर ही उनकी पेंशन को बहाल करते हुए नए पेंशन स्वीकृति आदेश जारी किए। इस कार्रवाई से तीनों लाभार्थियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया।
डॉ. सोनी ने कहा कि पेंशन वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के जीवन का आधार है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को समय पर पेंशन मिले। साथ ही वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए।
शिविर में की गई त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन नागरिक हितों की रक्षा के लिए तत्पर है।

प्रशासन ने सुनी पीड़ितों की समस्याएं।
इससे पूर्व सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चंबल, राजस्व विभाग, रसद विभाग, पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, पशुपालन विभाग, स्वायत्त शासन विभाग, कृषि विभाग एवं पुलिस विभाग से संबंधित परिवाद दर्ज किए गए।
आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए और किसी भी नागरिक को अनावश्यक भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है और इसके लिए पारदर्शिता तथा जवाबदेही के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। जनसुनवाई के अंत में नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार की पहल से जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments