रोडवेज बस स्टैंड में कंडक्टर से सवारियों की जानकारी लेते हुए डिप्टी सीएम बैरवा।
डिप्टी सीएम व ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर प्रेमचंद बैरवा को टोंक में रोडवेज बस के कंडक्टर ने नहीं पहचाना। प्रेमचंद बैरवा ने टिकट काट रहे कंडक्टर से पूछा- बस में कितनी सवारियां हैं, इस पर कंडक्टर उन्हें हैरानी से देखने लगा।
साथ में मौजूद लोगों ने कहा डिप्टी सीएम साहब हैं, यह सुनते ही कंडक्टर ने तुरंत प्रेमचंद बैरवा के पैर पकड़ लिए। मामला शुक्रवार सुबह सवा 11 बजे टोंक के रोडवेज बस स्टैंड का है।

डिप्टी सीएम बस में चढ़े और कंडक्टर से सवारियों के बारे में जानकारी मांगी तो कंडक्टर हैरत में पड़ गया।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा बांसवाड़ा से जयपुर आ रहे थे। अचानक टोंक रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे। वे पास में ही खड़ी सवाईमाधोपुर डिपो की बस में चढ़ गए। कंडक्टर से सवारियों के बारे में पूछा- तो कंडक्टर शिवदास मीणा उनको देखने लगा।
डिप्टी सीएम के साथ मौजूद लोगों ने कंडक्टर से कहा- पहचाने नहीं क्या, ये उपमुख्यमंत्री जी हैं। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा साहब हैं। पता नहीं आपको, बताओ। इसके बाद कंडक्टर ने बैरवा के पैर छूए।
बैरवा ने अधिकारियों को फटकार लगाई
अचानक डिप्टी सीएम को बस स्टैंड पर देखकर लोग हैरत में पड़ गए। बस स्टैंड पर गंदगी देख प्रेमचंद बैरवा ने प्रबंधक को बुलाया और फटकार लगाई। उन्होंने खुद झाड़ू उठाई और सफाई शुरू कर दी। लोगों की समस्या सुनकर बंद पड़े बुकिंग विंडो को चालू करने के भी निर्देश दिए।

रोडवेज बस स्टैंड पर गंदगी देख प्रबंधक समेत अन्य अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
डिपो मैनेजर बोले- डिप्टी सीएम ने बुकिंग विंडो चालू करने के निर्देश दिए हैं
रोडवेज के टोंक डिपो मैनेजर पवन मीणा ने बताया कि डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा अचानक निरीक्षण करने पहुंचे थे। सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बुकिंग विंडो चालू करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल वो विंडो स्टाफ की कमी से बंद है। जल्द मुख्यालय को स्टाफ बढ़ाने के लिए पत्र लिखा जाएगा। स्टाफ बढ़ने पर बुकिंग विंडो शुरू कर दी जाएगी।
डिप्टी सीएम ने सफाई की बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया- डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा आज सुबह बांसवाड़ा से जयपुर जा रहे थे। इस दौरान टोंक के पास आते ही वे रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुंच गए। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं के साथ मैं भी बस स्टैंड पहुंचा।
वे सुबह करीब 11:15 बजे बस स्टैंड आए और व्यवस्थाएं सही नहीं मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर सफाई भी की।
पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास भी रुकेगी रोडवेज बसें डिप्टी सीएम ने जयपुर जाते समय पॉलिटेक्निक कॉलेज का भी निरीक्षण किया। स्टूडेंट्स ने कॉलेज के पास रोडवेज बसें नहीं रुकने की बात कही।
इस पर प्रेमचंद बैरवा ने तुरंत अधिकारियों को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास रोडवेज बसों के स्टापेज बनाने के निर्देश दिए। कुछ समय बाद ही इसके आदेश भी जयपुर मुख्यालय से जारी कर दिए गए।

रोडवेज बस स्टैंड पर गंदगी देख खुद डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने झाड़ू मंगाई और सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
बोले- रोडवेज का दायरा 40 से बढ़ाकर 400 किलोमीटर किया इससे पहले बस स्टैंड पर बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बदला हुआ भारत है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विकसित बनने जा रहा है। आज हमारी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मान रही है।
डिप्टी सीएम ने कहा- हमने 40 किलोमीटर से दायरा बढ़ाकर 400 किलोमीटर किया है। जहां भी कुछ कमियां है, उनमें सुधार करके आम आदमी को राहत पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments