![]()
खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने पिछली जनसुनवाई में आए परिवादों की समीक्षा, संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम, बिजली-पानी जैसी सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति, केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति और संपर्क पोर्टल की स्थिति की विभागवार समीक्षा की।
कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायती राज,रसद एवं रीको विभागों में लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर नाराजगी जताई और लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
साथ ही रीको, प्रदूषण नियंत्रण, चिकित्सा, शिक्षा, रसद एवं जिला परिषद विभाग के अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
कलेक्टर किशोर कुमार ने कहा कि विभागीय जिला स्तरीय अधिकारी ही बैठक में उपस्थित रहें। अगर किसी वजह से प्रतिनिधि को भेजा जाए तो उसे बैठक से संबंधित संपूर्ण जानकारी देकर ही भेजा जाए।
कलेक्टर ने नगर निकाय, रीको एवं प्रदूषण नियंत्रण विभाग को एवरेज डिस्पोजल दर सुधारने और शिकायतों का निश्चित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले शहर चलो अभियान और गांव चलो अभियान की तैयारी की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को कैंपों की संपूर्ण तैया री सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि शिविरों में पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ दिया जाए।
चिकित्सा अधिकारियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा छिड़काव करने और नगर परिषद को फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने एवं मरीजों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही जलदाय एवं विद्युत विभाग को पानी और बिजली की सप्लाई सुचारू रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, नगरपरिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग रमेश धहमीवाल, उपनिदेशक पशुपालन विभाग हवासिंह जाट, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, सहायक अभियंता बिजली विभाग दिनेश भड़ाना सहित पुलिस, राजीविका, कृषि, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments