![]()
सैंपऊ कस्बे में कब्रिस्तान की भूमि और सड़क पर अवैध अतिक्रमण को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है।
धौलपुर के सैंपऊ कस्बे में कब्रिस्तान की भूमि और सड़क पर अवैध अतिक्रमण को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में असामाजिक तत्वों द्वारा कब्रिस्तान की 2 बीघा भूमि पर कब्जा कर दुकानें संचालित करने और आम रास्ते को बाधित करने का आरोप लगाया गया है।
लोगों ने बताया कि 2 बीघा भूमि राजस्व रिकॉर्ड में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है, जो वक्फ की संपत्ति है। इस कब्रिस्तान के उत्तर में सैंपऊ से बसेड़ी रोड और पूर्व में सैंपऊ से बाड़ी रोड स्थित है। कुछ असामाजिक तत्वों ने कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल तोड़कर इस भूमि पर कब्जा कर लिया है।
अतिक्रमणकारियों ने बसेड़ी मार्ग और बाड़ी मार्ग पर कब्रिस्तान और आम रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से टीनशेड डालकर फल, सब्जी, तेल, कबाड़ और अन्य दुकानें खोल रखी हैं। इन दुकानों के सामने वाहनों को खड़ा करने से आमजन को आवागमन में भारी परेशानी होती है, जिससे आए दिन इन व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
ज्ञापन में बताया गया कि करीब 15 वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर पुख्ता दुकानों के अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा ध्वस्त कर जमीन खाली कराई गई थी, लेकिन अब पुनः अतिक्रमण हो गया है। अतिक्रमण के कारण इस स्थान पर कई बार आगजनी की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
आरोप है कि अतिक्रमणकारी इस सरकारी भूमि से स्वयं दुकान चलाकर या किराए पर उठाकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं और आपत्ति करने पर लोगों को झूठी शिकायतें देकर परेशान करते हैं।
लोगों ने एसडीएम से 2 बीघा कब्रिस्तान भूमि और सैंपऊ-बसेड़ी रोड व सैंपऊ-बाड़ी रोड पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाकर रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि आमजन को सुगम आवागमन में राहत मिल सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments