![]()
बयाना पुलिस सर्किल के गढ़ी बाजना थाना पुलिस ने एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। धौलपुर जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र के मूडिक कछपुरा निवासी भीमसेन कुशवाह (24) को पुलिस ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास से पकड़ा।
आरोपी ने 10 अगस्त को अपने साथियों के साथ गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस को 12 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर मोटरसाइकिल से बसेड़ी की तरफ आ रहा है।
पुलिस ने कोट की खिरकारी के पास नाकाबंदी की। आरोपी पुलिस जीप देखकर बाइक छोड़कर पहाड़ी रास्ते की तरफ भागा। भागते समय वह पत्थर से टकराकर गिर गया। इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आई।
तलाशी में आरोपी की पैंट से 315 बोर का लोडेड कट्टा मिला। उसके पास से एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद के निर्देश और एएसपी बयाना हरिराम कुमावत व सीओ कृष्णराज के मार्गदर्शन में थानाधिकारी पृथ्वी सिंह की टीम ने की। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments